एसपी के निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे नाइट कॉबिंग गश्त अभियान के बेहतर परिणाम आए सामने, बीतीरात नशेडिय़ों पर नकेल कसने के साथ पुलिस ने किए 109 अपराधी गिरफ्ता
कटनी। जिले भर में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के दिशा निर्देश पर चलाए जा रहे नाइट कॉबिंग गश्त अभियान के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। एसपी श्रीविश्वकर्मा के दिशा निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले की सभी एसडीओपी रेंज के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी व थाना प्रभारी अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए बीती रात एक बड़ा नाइट कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से जिले के बदमाशों में हडक़ंप मच गया। अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल पुराने फरार वारंटियों को दबोचा बल्कि सडक़ पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की। जिले भर में 170 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें तैनात की गई थीं। जिले के सभी थानों और अनुभागों में एक साथ शुरू हुई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य विभिन्न मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करना था। अभियान के तहत पुलिस ने केवल वारंटियों पर ही नहीं बल्कि अवैध गतिविधियों पर भी चोट करते हुए कार्रवाई की। अभियान में आबकारी एक्ट के तहत 10 और जुआ अधिनियम के तहत 03 मामले दर्ज किए गए। वहीं आम्र्स एक्ट के तहत 02 आरोपियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत लगभग 112 लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।

