Site icon Yashbharat.com

दूषित पानी से मौतों पर सख्त कार्रवाई: इंदौर निगम आयुक्त दिलीप यादव को हटाने के बाद आईएएस क्षितिज सिंघल बने नए आयुक्त

03 01 2026 ias kshitij singhal 202613 114559

इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से लोगों की मौत के मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेहद गंभीरता से लेते हुए कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। इस लापरवाही के लिए इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप यादव को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह 2014 बैच के आईएएस अधिकारी क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

बताया गया है कि क्षितिज सिंघल वर्तमान में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में डायरेक्टर के रूप में पदस्थ थे। प्रशासनिक अनुभव और सख्त कार्यशैली को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें इंदौर जैसे बड़े नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर की गई कार्रवाई में केवल आयुक्त तक ही सीमित नहीं रही। इस पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए नगर निगम के अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया और जल कार्य विभाग में पिछले 12 वर्षों से प्रभारी अधीक्षण यंत्री के रूप में पदस्थ संजीव श्रीवास्तव को भी निलंबित कर दिया गया है। माना जा रहा है कि लंबे समय से एक ही पद पर बने रहने और निगरानी में कमी के चलते यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई।

भागीरथपुरा में दूषित जल आपूर्ति से अब तक कई लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है, जिससे पूरे शहर में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निगम की लापरवाही और जल आपूर्ति व्यवस्था में भारी खामियों के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में वैकल्पिक पेयजल की व्यवस्था की है और पानी के सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा है कि जनता के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने संकेत दिए हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कार्रवाई हो सकती है। वहीं, नए आयुक्त क्षितिज सिंघल के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करना और जनता का भरोसा दोबारा कायम करना होगा।

Exit mobile version