रामनवमी एवं चैत्र नवरात्रि समापन पर पुलिस सतर्क, सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्ष
कटनी – आगामी रामनवमी पर्व एवं चैत्र नवरात्रि समापन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कटनी पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया सहित पुलिस अधिकारियों द्वारा जुलूस मार्गों, पूजा स्थलों एवं विसर्जन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
रामनवमी जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु विभिन्न मार्गों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा जुलूस मार्ग में अवरोध हटाने, विद्युत तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर करने, वॉलिंटियर तैनात करने एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने एवं दुकानदारों को नियमों का पालन करने हेतु भी निर्देशित किया गया।
इसी दौरान मां जालपा मड़िया जवारा विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन सहायता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
संवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, आपसी भाईचारा बनाए रखें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस/प्रशासन को दें।
कटनी पुलिस द्वारा सभी से सहयोग की अपील करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया गया है।

