कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन प्रारम्भ
कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन प्रारम्
कटनी -शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. रीना मिश्रा, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. संजयकांत भारद्वाज एवं रिचा दुबे के नेतृत्व में सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर ग्राम मझगवां स्थित मानव जीवन विकास समिति के परिसर में दिनांक 16 फरवरी से 22 फरवरी तक संचालित हो रहा है। शिविर का प्रथम दिवस अत्यंत उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के तेल चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। इस अवसर पर मानव जीवन विकास समिति के सचिव श्री निर्भय सिंह जी, अन्य सदस्यगण तथा महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. विमला मिंज, डॉ. रश्मि चतुर्वेदी एवं श्रीमती वंदना मिश्रा उपस्थित रहीं।
डॉ. विमला मिंज ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए सात दिवसीय शिविर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह शिविर छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना तथा सामूहिक रूप से कार्य करने की कला विकसित करने का उत्तम अवसर है। श्री निर्भय सिंह जी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि संस्था के माध्यम से वे कुछ न कुछ उपयोगी एवं आवश्यक सीख अवश्य ग्रहण करें, जो उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाए।
डॉ. रश्मि चतुर्वेदी ने अनुशासन के महत्व पर जोर देते हुए परिसर में उपलब्ध जैव-विविधता का अवलोकन करने और उससे प्रेरणा लेकर व्यक्तिगत परिवर्तन तथा प्रोजेक्ट कार्य करने की सलाह दी। श्रीमती वंदना मिश्रा ने छात्राओं को आगामी सात दिनों की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता एवं उत्साहपूर्ण कार्य शैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
छात्राओं ने तत्परता दिखाते हुए परिसर की साफ-सफाई की और शिविर के सुचारु संचालन हेतु व्यवस्थित रूपरेखा तैयार की। नीलम सोनखरे ने विभिन्न दलों का विभाजन कर ग्रुप लीडर नियुक्त किए, जिससे कार्यों का बंटवारा सुव्यवस्थित हुआ।
डॉ. रीना मिश्रा, डॉ. प्रतिमा सिंह एवं श्रीमती रिचा दुबे ने छात्राओं को शिविर के दौरान प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा अपेक्षित कार्यों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं, कार्यक्रम अधिकारियों एवं सभी सहयोगियों को शिविर के सफल संचालन हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा कहा कि यह प्रयास न केवल सेवा भावना को मजबूत करेगा, बल्कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।