पुलिस की सुस्ती से तंग आकर महिलाओं ने खुद मारा छापा; अवैध शराब जब्त कर पहुंचीं कलेक्ट्रेट
पुलिस की सुस्ती से तंग आकर महिलाओं ने खुद मारा छापा; अवैध शराब जब्त कर पहुंचीं कलेक्ट्रे
कटनी: जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरिया में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर गाँव की महिलाओं ने खुद मोर्चा संभाला और अवैध शराब के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब और उसे बनाने का सामान जब्त किया।
पुलिस ने कहा- ‘तुम पकड़ो, तब हम आएंगे’
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने गाँव में हो रही अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ स्लीमनाबाद पुलिस और एसडीओपी (SDOP) को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी थीं। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उल्टा महिलाओं से ही कह दिया कि, “तुम शराब पकड़ो और हमें बताओ, तब हम आएंगे।”
ग्रामीणों ने खुद की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
पुलिस के अड़ियल और निराशाजनक रवैये को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही दबिश देने का फैसला किया। छापेमारी के दौरान महिलाओं ने:लेखराम सपेरा, आकाश सपेरा, सुशील सपेरा, सुकमन कोल, अनार बाई, दुर्गा बाई और छोटू सिंह ठाकुर के ठिकानों पर दबिश दी। मौके से करीब 10 लीटर कच्ची शराब और भारी मात्रा में महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) जब्त किया।
कलेक्ट्रेट पहुंच सौंपा ज्ञापन, मिलीभगत के लगाए आरोप
मंगलवार को ग्रामीण जब्त सामान के साथ सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसडीओपी दिनेश मिश्रा को एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि:
पुलिस जब भी आती है, तो सिर्फ ‘खानापूर्ति’ करके लौट जाती है और मुख्य माफियाओं पर हाथ नहीं डालती।पुलिस की इसी मिलीभगत के कारण शराब कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और वे गाँव में गुंडागर्दी करते हैं।खुलेआम शराब बिकने से गाँव की शांति भंग हो रही है और छोटे बच्चे भी नशे की लत का शिकार हो रहे हैं।ग्रामीणों ने अब प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और गाँव को नशामुक्त बनाने की मांग की है।