Site icon Yashbharat.com

दैहिक शोषण का आरोप लगने के बाद कथावाचक उत्तम स्वामी जबलपुर आश्रम से फरार, राजस्थान की युवती ने लगाया है 13 साल तक दैहिक शोषण करने का आरोप

IMG 20260216 WA0001

जबलपुर(YASH BHARAT.COM)।आध्यात्मिक जगत में उस वक्त हड़कंप मच गया जब प्रसिद्ध कथावाचक उत्तम स्वामी पर राजस्थान की एक युवती ने गंभीर यौन शोषण के आरोप लगाए। इन आरोपों के सार्वजनिक होते ही जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र स्थित हीरापुर बांधा ग्राम में चल रही भागवत कथा के बीच से ही उत्तम स्वामी रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए हैं। रविवार को कथा का भव्य समापन होना था लेकिन मुख्य कथावाचक के गायब होने से पंडाल में सन्नाटा पसर गया और उनके शिष्यों को मोर्चा संभालना पड़ा।

13 वर्षों से शोषण का संगीन आरोप

राजस्थान निवासी पीड़िता ने उत्तम स्वामी पर पिछले 13 वर्षों से लगातार दैहिक शोषण करने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार रविवार तड़के ही उत्तम स्वामी ने खुद को आश्रम में कैद कर लिया था और मीडिया से दूरी बनाए रखी। इसके कुछ ही समय बाद वे बिना किसी को बताए वहां से निकल गए। उनके अनुयायियों और शिष्यों के पास इस बात का कोई जवाब नहीं है कि ‘महाराज’ कहाँ गए हैं।

दिल्ली में हाई वोल्टेज ड्रामा, पीड़िता का पीछा कर रहे भक्त की धुनाई

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पीड़िता न्याय की गुहार लगाने और एफआईआर दर्ज कराने दिल्ली पहुंची। बताया जा रहा है कि उत्तम स्वामी का एक कट्टर भक्त पीड़िता का पीछा करते हुए उसी फ्लाइट में सवार हो गया। युवती की सतर्कता और एयर होस्टेस की मदद से उसे पिछली सीट पर शिफ्ट किया गया।।दिल्ली पहुँचने पर भी आरोपी युवक ने पीछा नहीं छोड़ा और युवती के भाई के घर के बाहर वीडियो बनाने लगा। विरोध करने पर उसने पीड़िता के भाई पर हमला कर दिया। शोर सुनकर इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी जमकर ‘धुनाई’ की और बाद में उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।

कथा स्थल पर पसरा सन्नाटा, अनुयायी मौन

जबलपुर में जहाँ हजारों की भीड़ जुटने की उम्मीद थी, वहाँ अब केवल सन्नाटा और चर्चाओं का बाजार गर्म है। मीडिया कर्मियों ने जब इस विषय पर आश्रम प्रबंधन और उत्तम स्वामी के करीबियों से बात करने की कोशिश की तो किसी ने भी कैमरे के सामने आकर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। कथा के बीच में ही मुख्य वाचक का इस तरह चले जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Exit mobile version