350 पाव देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार, ऑपरेशन शिकंजा के तहत बाकल पुलिस की कार्रवाई

कटनी(YASHBHARAT.कॉम)। बाकल पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 350 पाव देशी लाल मशाला शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 63 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मझगवां स्थित रामभरोस यादव ढाबा के पास एक युवक अवैध शराब की बिक्री के उद्देश्य से बोरी और कार्टून में शराब रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। हमराह स्टाफ ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कुनाल सिंह राजपूत (23 वर्ष) निवासी ग्राम बाकल के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 350 पाव (प्रत्येक 180 एमएल) सीलबंद देशी लाल मशाला शराब बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश तिवारी, सउनि बीएम चौधरी, सउनि ब्रजेंद्र उरमलिया, प्रधान आरक्षक जोगेंद्र तिवारी, शिवसिंह, आरक्षक राजभान पटेल, कमलकांत यादव एवं रोहित सिंह की विशेष भूमिका रही।

Exit mobile version