Nostradamus–Baba Vanga Predictions वेनेजुएला को लेकर अमेरिका की कथित सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी की खबरों के बाद फ्रांस के प्रसिद्ध भविष्यवक्ता नास्त्रेदमस और बुल्गारिया की नेत्रहीन भविष्यवक्ता बाबा वेंगा की 2026 से जुड़ी भविष्यवाणियां एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वैश्विक घटनाक्रम को इन भविष्यवाणियों से जोड़कर देखा जा रहा है और सवाल उठ रहे हैं कि क्या दुनिया वाकई एक बड़े टकराव की ओर बढ़ रही है।
क्या 2026 में छिड़ेगा तीसरा विश्व युद्ध?
नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियों की व्याख्या करने वाले विशेषज्ञों का मानना है कि उन्होंने वर्ष 2026 में एक ऐसे युद्ध का संकेत दिया था, जो पूरी मानवता के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। उनकी भविष्यवाणी में धर्म और राष्ट्रवाद के नाम पर हिंसा, आपसी दुश्मनी और व्यापक तबाही का जिक्र मिलता है। कहा गया है कि इस संघर्ष से वैश्विक संतुलन बिगड़ सकता है और दुनिया लंबे समय तक इसके असर से उबर नहीं पाएगी।
समुद्री मार्गों पर संकट, डूब सकता है विशाल जहाज
नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियों में समुद्र से जुड़ी बड़ी दुर्घटनाओं का भी उल्लेख है। कुछ विशेषज्ञों का दावा है कि 2026 में किसी बड़े जहाज के डूबने या समुद्री मार्गों पर तनाव बढ़ने की आशंका जताई गई थी। यदि ऐसा होता है तो इससे वैश्विक व्यापार, खासकर अनाज और खाद्य आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। नतीजतन महंगाई बढ़ेगी और कई देशों में राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो सकती है।
‘रात के अंधेरे में हमला’ और रहस्यमयी संकेत
नास्त्रेदमस ने अपनी एक भविष्यवाणी में रात के समय अचानक हमले का जिक्र किया है, जिसमें उन्होंने ‘मधुमक्खियों के झुंड’ जैसे प्रतीकात्मक शब्दों का इस्तेमाल किया। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका अर्थ गुप्त और योजनाबद्ध सैन्य कार्रवाई से है। हालिया घटनाओं को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक स्तर पर कई दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
बाबा वेंगा की चेतावनी: पश्चिमी देशों तक पहुंचेगी युद्ध की आग
‘बाल्कन की नास्त्रेदमस’ कही जाने वाली बाबा वेंगा ने भी 2026 को लेकर गंभीर संकेत दिए थे। उनकी भविष्यवाणी के अनुसार, पूर्वी देशों में चल रहा तनाव एक बड़े युद्ध का रूप ले सकता है, जिसका असर पश्चिमी देशों तक पहुंचेगा। उन्होंने वैश्विक शक्ति संतुलन में बदलाव, भारी जान-माल की क्षति और महाशक्तियों के आमने-सामने आने की आशंका जताई थी।
चीन, रूस और अमेरिका के बीच टकराव की आशंका
बाबा वेंगा की भविष्यवाणी में चीन, रूस और अमेरिका जैसे ताकतवर देशों के बीच टकराव का जिक्र भी मिलता है। इसमें ताइवान को लेकर संभावित संघर्ष और रूस-अमेरिका के बीच सीधे टकराव की स्थिति का संकेत बताया जाता है।
संयोग या भविष्य की झलक?
हालिया वैश्विक घटनाएं इन भविष्यवाणियों से मेल खाती हैं या नहीं, यह कहना मुश्किल है। लेकिन इतना तय है कि दुनिया में बढ़ता तनाव, युद्ध की आशंकाएं और आर्थिक अस्थिरता लोगों को इन पुरानी भविष्यवाणियों की ओर फिर देखने को मजबूर कर रही हैं। अब सवाल यही है—क्या 2026 सच में इतिहास का सबसे निर्णायक साल साबित होगा, या ये सब महज संयोग हैं?
