भोपाल. कोरोना संक्रमण (corona virus) और लॉक डाउन (lockdown) के कारण देश भले ही बंद हो लेकिन पूर्व सीएम कमलनाथ (kamalnath) गुपचुप तरीके से सक्रिय हैं.ये सक्रियता प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव (by elections) के लिए है. पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ अपने विश्वस्त नेताओं के साथ मिलकर उपचुनाव की रणनीति बना रहे हैं. उनकी नज़र बीजेपी (bjp) के असंतुष्ट नेताओं और कांग्रेस के दलबदलुओं पर है. लक्ष्य कम से कम 20 सीटें जीतने का है.
मध्य प्रदेश में 24 सीटों पर उपचुनाव को लेकर बिसात बिछने लगी है. बीजेपी ने सभी 24 विधानसभा सीटों पर अपने विस्तारको को भेजा है वहीं दूसरी तरफ पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ साइलेंट प्लानिंग में जुटे हैं.कमलनाथ गुपचुप तरीके से उपचुनाव वाले 15 जिलों में कांग्रेस के लिए रणनीति बना रहे हैं. वो लगभग हर दिन संबंधित जिलों के कांग्रेस नेताओं पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे हैं. पीसीसी चीफ हर दिन फोन के जरिए संबंधित विधानसभा सीट के लिए चुनाव मैदान में उतरने वाले दावेदारों से भी बात कर रहे हैं. कुछ नेताओं को भोपाल बुलाकर गुपचुप तरीके से मीटिंग भी हो रही है.
बीजेपी के असंतुष्टों पर नज़र
कमलनाथ का फोकस 24 में से 20 सीटें जीतने पर है. इसके लिए वो बीजेपी के उन नामी और असंतुष्ट चेहरों से संपर्क के प्रयास में हैं जो कांग्रेस नेताओं के बीजेपी में आने से भाजपा से नाराज हैं. बीजेपी में सेंधमारी के लिए कमलनाथ स्थानीय स्तर पर नेताओं से संपर्क कर रणनीति बना रहे हैं.सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए वो 20 मार्च को राजभवन गए थे. बस उसके बाद से अभी तक वो वह मुख्यमंत्री निवास से बाहर नहीं आए हैं. सीएम हाउस में बैठकर 24 विधानसभा सीटों पर जीत के लिए वो रणनीति बना रहे हैं.
हर शाम कमलनाथ की बैठक
कमलनाथ सिर्फ 24 विधानसभा सीटों पर जीत के लिए ही रणनीति नहीं बना रहे. बल्कि वह भोपाल में बैठकर अपने करीबियों के साथ भी मंथन कर रहे हैं. इसके लिए कमलनाथ सरकार में अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाने वाले कांग्रेस के नेता भी भोपाल में डेरा डाले हुए हैं. रोज शाम को 7:00 से 9:00 तक इनकी बैठक होती है. इनमें कमलनाथ के करीबी सज्जन सिंह वर्मा, सुखदेव पांसे, दिग्विजय सिंह, प्रवीण कक्कड़ शामिल होते हैं.
दलबदलुओं का इंतज़ार
बीजेपी कांग्रेसियों को अपने पाले में लाने की कवायद में जुटी है. आज सांवेर के कई कांग्रेस नेता बीजेपी में शामिल हुए. कांग्रेस इस इंतजार में है कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाने वाले दलबदलुओं का सीन क्लियर हो जाए तो वो जिला स्तर पर अपना नया संगठन ख़ड़ा करे. पार्टी फिलहाल इस पर भी मंथन कर रही है.
गुपचुप काम
कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे पीसी शर्मा का कहना है पार्टी उप चुनाव में जीत के लक्ष्य के साथ काम कर रही है. चुपचाप पीसीसी चीफ कमलनाथ कुछ खास लोगों से मशवरा कर प्लान तैयार कर रहे हैं. पार्टी लॉक डाउन खत्म होने का इंतज़ार कर रही है. इसके बाद कांग्रेस अपने पत्ते खोलेगी. पीसी शर्मा का दावा है कि पार्टी 22 से 23 सीटें जीतेगी.
