होने वाली ससुराल आए युवक की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान, परिजनों सहित पुलिस ने व्यक्त की हत्या की आशंका

होने वाली ससुराल आए युवक की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान, परिजनों सहित पुलिस ने व्यक्त की हत्या की आशंका

कटनी(YASH BHARAT.COM)। जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हरिया ग्राम में एक सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई है। यहा अपनी होने वाली ससुराल आए एक 19 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों सहित पुलिस ने भी हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुनील आदिवासी (19 वर्ष), पिता रमेश आदिवासी के रूप में हुई है, जो विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम परसवारा का निवासी था। सुनील की शादी रीठी के खम्हरिया गांव में तय हुई थी। इसी सिलसिले में वह मंगलवार रात अपनी ससुराल पहुंचा था। बुधवार सुबह सुनील का शव गांव के ही सुकरत आदिवासी के घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने मीडिया को बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।शुरुआती जांच में मृतक के गले और शरीर के अन्य अंगों पर चोट के निशान मिले हैं।

संदेह के घेरे में मंगेतर

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से मृतक की होने वाली पत्नी किसी प्रकार की जानकारी देने से बच रही है। इसलिए वो संदेह के घेरे में है। पोस्ट मार्टम और अंतिम संस्कार के बाद पुलिस मंगेतर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है।

मामले की जांच आगे बढ़ाने पीएम रिपोर्ट का इंतज़ार

बीएमओ डॉ. मृगेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम गुरुवार को किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों (शॉर्ट पीएम) का खुलासा हो सकेगा।

 

Exit mobile version