MP के ज्यादातर IPS करोड़पति, जानिये किसके पास कितनी दौलत
भोपाल। मध्यप्रदेश के आईपीएस अधिकारियों ने भोपाल से लेकर नोएडा-मुंबई तक में अपनी संपत्ति फैला रखी है। कुछ अफसर ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति ‘अकूत” है तो कुछ लंबी सरकारी नौकरी के बावजूद अपने या अपने परिवार के नाम से कोई भी संपत्ति नहीं खरीद पाए हैं। परिवहन विभाग में प्रतिनियुक्ति पर रहे मौजूदा खेल संचालक उपेंद्र जैन की दो ही संपत्ति है, जिनकी कीमत चार करोड़ 67 लाख रुपए से ज्यादा है।
यह जानकारी आईपीएस अधिकारियों द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक जनवरी 2018 की स्थिति में दिए गए संपत्ति विवरण में सामने आई है। इसके मुताबिक एडीजी डॉ. एसडब्ल्यू नकवी और अनुराधा शंकर की 28 साल की सरकारी नौकरी हो चुकी है और उनके पास अब तक कोई भी संपत्ति नहीं है तो 29 साल की नौकरी वाले जीआर मीणा ने 32 अलग-अलग संपत्ति खरीदी हैं।
डीजीपी ऋषिकुमार शुक्ला
2003 में चूनाभट्टी में जानकी नगर में 1500 वर्गफीट के प्लॉट पर डुप्लेक्स मकान 10.90 लाख रुपए में खरीदा था, जिसकी कीमत अब करीब 75 लाख बताई गई है। वहीं ग्वालियर में पैतृक मकान में अभिभावकों के निधन के बाद 625 वर्गफीट का हिस्सा मिला है, जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है।
मैथलीशरण गुप्त (विशेष महानिदेशक)
भोपाल एसपी रहते हुए 1996 में दानिश हाउसिंग सोसायटी से कोलार रोड स्थित दानिशकुंज में 3.37 लाख रुपए में अपने व पत्नी के नाम से डुप्लेक्स खरीदा था, जिसकी आज कीमत 70 लाख रुपए है। इससे उन्हें 1.92 लाख की सालाना आय भी हो रही है। नोएडा के जायपी ग्रीन में 15वीं मंजिल पर 2009 में 46 लाख का फ्लैट खरीदा, जिसकी मौजूदा कीमत 60 लाख रुपए बताई गई है। भोपाल के बिशनखेड़ी में 15 लाख का प्लाट 2011 में पत्नी के नाम से खरीदा था, जिसकी कीमत आज 30 लाख रुपए बताई है। इससे उन्हें 18 हजार रुपए आय हो रही है। बिशनखेड़ी में ही अपने नाम से एक अन्य प्लॉट 2012 में 12 लाख का खरीदा था, जिसका आज 25 लाख मूल्य बताया गया है। पत्नी के नाम से 2012 में भौंरी में 13 आवासीय प्लाट 92.77 लाख रुपए में खरीदे, जिसकी कीमत आज 95.77 लाख बताई। उत्तरप्रदेश के झांसी की गरोठा तहसील में 1.20 लाख की पैतक संपत्ति हैं, जिनमें से 80 हजार की संयुक्त परिवार के नाम से है तो दूसरी अभिभावकों के नाम से।
संजय चौधरी (जेल महानिदेशक)
हिलटॉप को-ऑपरेटिव सोसायटी की कोटरा सुल्तानाबाद स्थित कॉलोनी में 1828 वर्गफीट का 1994 में 37 हजार 784 रुपए में प्लॉट खरीदा था, जिसकी आज 56 लाख रुपए कीमत है। इसके अलावा चूनाभट्टी में दानिश हाउसिंग सोसायटी का 4000 वर्गफीट का 1998 में 14.88 लाख रुपए में प्लॉट खरीदा था, जिसकी आज 2.04 करोड़ रुपए कीमत बताई है।
महान भारत सागर (महानिदेशक होमगार्ड)
शाहपुरा बी-सेक्टर में 1995 में 30 लाख का मकान खरीदा, जिसकी कीमत आज 90 लाख रुपए बताई। इससे तीन लाख की आय हुई। उत्तर प्रदेश के अलीगंज में 13 लाख की एक संपत्ति और 90 लाख रुपए की संपत्ति में मां-भाई सहित चार हिस्सेदार हैं। इसी तरह गुजरात के गांधीनगर में भी 1.5 करोड़ रुपए के एक मकान की संपत्ति में सात हिस्सेदार हैं। मध्यप्रदेश में ई-3 अरेरा कॉलोनी स्थित पारस सिटी में 18.50 लाख का उनके नाम का एक फ्लैट है जिसकी आज कीमत 55 लाख है तो अल्कापुरी में 50 लाख में एक मकान खरीदा था, जिसकी आज 49.70 लाख कीमत रह गई है। नोएडा के 78 सेक्टर में उनके व उनकी पत्नी का निर्माणाधीन फ्लैट है जिसकी आज 90 लाख कीमत है तो महाराष्ट्र के नवी मुंबई में उनका महावीर हेरीटेड में 43 लाख का फ्लैट है।
अरुणा मोहन राव (एडीजी)
1999 में भोपाल में मेंडोरा में 8500 वर्गफीट का 21 हजार 250 रुपए में भूखंड खरीदा, जो आज 30 लाख का है। आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में 2000 वर्गफीट का अपने व पति के नाम से 2008 में 28.76 लाख का फ्लैट खरीदा जो आज एक करोड़ का है। आंध्रप्रदेश में ही पश्चिम गोदावरी में अपने व पति के संयुक्त नाम से 2009 और 2016 में क्रमश: 3.8 व पांच एकड़ जमीन 45.76 लाख रुपए में खरीदी जो आज 70 लाख की है। तेलंगाना में 2013 में 42 लाख का एक मकान खरीदा जो आज 70 लाख का है।
राजीव टंडन (एडीजी इंटेलीजेंस)
शाहपुरा में एमपी स्टेट को-ऑपरेटिव हाउसिंग फेडरेशन लिमिटेड के सहयोग परिसर में 2150 वर्गफीट का मकान 2006 में 18.07 लाख में खरीदा था जो आज 70 लाख का है। इससे 4.22 लाख की आय भी हुई। 2016 में भोपाल मंे पत्नी व अपने नाम से बावड़िया कलां स्थित फेथ रिचमेंट हाइट में 60 लाख का 2350 वर्गफीट फ्लैट बुक कराया है। वहीं, नोएडा के सेक्टर 45 में पत्नी व अपने संयुक्त नाम से 1640 वर्गफीट का फ्लैट 2009 में 46.74 लाख में लिया था जो आज 50 लाख का है। इससे 2.64 लाख की आय अर्जित की है।
शैलेंद्र श्रीवास्तव (महानिदेशक सह परिवहन आयुक्त)
उत्तर प्रदेश के महोबा में संयुक्त परिवार की चार संपत्ति हैं जिनमें मकान, आवासीय प्लाट, सब्जी के बगीचे, कृषि भूमि, शॉपिंग कॉम्पलेक्स बताए हैं। इनसे 6.20 लाख की आय होना भी बताया है। संयुक्त परिवार की तीन आवासीय प्लॉट की अन्य संपत्तियों का ब्योरा दिया है जिनकी खरीदी व आज की कीमत का उल्लेख नहीं किया है। 2001 में 3.37 लाख का आवासीय बंगला भोपाल में, 2002 में डेढ़ लाख रुपए का आवासीय प्लॉट, 2007 में विंध्यवासिनी कॉलोनी में 13 लाख प्लॉट और इसी साल खजूरी में 8.36 एकड़ कृषि भूमि 6.82 लाख की खरीदी जिसकी आज की कीमत का उल्लेख नहीं किया।
उपेंद्र कुमार जैन (एडीजी सह खेल संचालक)
इंदौर के हातोद में 2008 में 2.303 हेक्टेयर कृषि भूमि 32 लाख 84 हजार 145 में खरीदी जिसकी आज तीन करोड़ 45 लाख 45 हजार रुपए कीमत बताई है। खरगोन के बड़वाह में 8.76 हेक्टेयर कृषि भूमि 2009 में 12 लाख 93 हजार 750 रुपए खरीदी जो आज एक करोड़ 22 लाख 64 हजार की है।
पुरुषोत्तम शर्मा (एडीजी)
अल्कापुरी में एक मकान है जिसकी आज 2.10 करोड़ रुपए कीमत है। ग्वालियर के डबरा में भाई के साथ दो संपत्ति है। यहां उषा कॉलोनी में पैतृक मकान है जिसकी कीमत 35 लाख है और 80 लाख रुपए कीमत की कृषि भूमि है।
पवन जैन (एडीजी)
एकमात्र संपत्ति के मालिक हैं। 2001 में उन्होंने बंजारी स्थित दानिश कुंज में 1375 वर्गफीट का प्लॉट 4.5 लाख में खरीदा था और आज इसकी कीमत साठ लाख है। इससे उन्हें 18 हजार की आय हुई।

