उत्तरप्रदेशFEATURED

राज्यसभा चुनाव: अखिलेश के ‘403 सीटों वाले दावों’ पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, बोले- “सपने देखना बुरी बात नहीं, अखिलेश जी”

राज्यसभा चुनाव: अखिलेश के ‘403 सीटों वाले दावों’ पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, बोले- “सपने देखना बुरी बात नहीं, अखिलेश जी”

राजनीति / उत्तर प्रदेश डेस्क। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी (SP) द्वारा तीसरा उम्मीदवार न उतारने के फैसले और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के “403 सीटों पर नजर” वाले बयान पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष व योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जोरदार हमला बोला है।

राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव के इस फैसले को मजबूरी में उठाया गया लेकिन एक समझदारी भरा कदम करार दिया।

“अखिलेश जी, बस हो गया टांय-टांय फिस्स!” – राजभर का एक्स पोस्ट

अखिलेश यादव के बयान के तुरंत बाद ओम प्रकाश राजभर ने ‘X’ (ट्विटर) पर चुटकी लेते हुए लिखा:

“मित्र अखिलेश जी, बस हो गया टांय-टांय फिस्स! वैसे कभी-कभी ही सही, आप कुछ समझदारी का काम भी कर ही लेते हैं, जैसे आज किया। रही बात 403 की, तो बस यही कहूंगा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है।”

तीसरे उम्मीदवार को लेकर खत्म हुआ सस्पेंस

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए सपा की ओर से प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके थे। राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं कि चुनाव को दिलचस्प बनाने और क्रास वोटिंग के लिए सपा अंतिम समय पर तीसरा प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है।

हालांकि, नामांकन के आखिरी दिन अखिलेश यादव ने ‘X’ पर पोस्ट कर लिखा— “अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।” इस पोस्ट के साथ ही सपा द्वारा तीसरा प्रत्याशी उतारने की सभी संभावनाओं पर विराम लग गया और 2027 के विधानसभा चुनाव का लक्ष्य साधने की बात कही गई।

सपा और अखिलेश पर लगातार हमलावर हैं राजभर

यह पहला मौका नहीं है जब राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधा है। राज्यसभा चुनाव की शुरुआत से ही ओम प्रकाश राजभर सपा के प्रत्याशी चयन और ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के दावों को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर लगातार राजनीतिक जुबानी हमले बोल रहे हैं।

Back to top button