भोपाल। एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मोबाइल हैक (Moblie Hack) किए जाने का मामला सामने आया है. कमलनाथ का मोबाइल हैक कर हैकर ने कांग्रेस विधायक समेत चार लोगों से लाखों रुपये की डिमांड की गई. दरअसल, हैकर ने ग्वालियर में रहने वाले कांग्रेस कोषाध्यक्ष अशोक सिंह को कमलनाथ के नंबर से कॉल किया और 10 लाख रुपये एक शख्स को देने की मांग की गई. इसके अलावा इंदौर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, ग्वालियर से कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार और कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल को भी कॉल किया गया. गोविंद गोयल को शक होने पर उन्होंने कमलनाथ को कॉल कर जब जानकारी मांगी तो जालसाज़ी का पता चला।
इसके बाद गोविन्द गोयल ने फोन करने वाले शख्स को घर बुलाया और कांग्रेस नेताओं को कॉल कर के बुला लिया. जैसे ही दो लोग गोविन्द गोयल के बंगले पर पैसे लेने आए तो उन्हें घेर लिया गया और पहले तो उनके साथ मारपीट की गयी फिर क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया. पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम सागर सिंह परमार और पिंटू परमार बताया गया है. दोनों युवक गुजरात के रहने वाले हैं.

