Madhya Pradesh News: भोपाल और इंदौर से विमान हाइजैक करने की धमकी, एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई

Madhya Pradesh News: भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस समय अचानक अफरातफरी मच गई जब एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर के पास फोन आया कि आज भोपाल और इंदौर एयरपोर्ट से विमान हाईजैक किया जाएगा। रोक सको तो रोक लो। यह किसी रिहर्सल या मॉकड्रिल का हिस्सा नहीं था।

शाम करीब पांच बजे एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर धर्मराज वर्मा के पास यह धमकी भरा फोन आया। वर्मा ने तत्काल सीआइएसएफ के डिप्टी कमांडेंट एवं विमानतल सुरक्षा प्रभारी मानसिंह को यह जानकारी दी। गांधीनगर पुलिस को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया।

कुछ समय बाद सुरक्षा बल एवं पुलिस ने उसी मोबाइल नंबर पर फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। देर रात तक मोबाइल बंद था।

सीआइएसएफ सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में मोबाइल नंबर किसी उज्जवल जैन के नाम से दर्ज है। उसका पता भोपाल का है लेकिन मोबाइल काल शुजालपुर से किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई, सतर्क रहने के निर्देश

 

धमकी भरा संदेश मिलने के बाद सीआइएसएफ ने एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी है। फोन आने के बाद मुंबई उड़ान भोपाल आना शेष थी। इंंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन को भी मामले की जानकारी दे दी गई। बम एवं डॉग स्क्वॉड को भी सतर्क कर दिया गया। बम, डॉग असिस्टेंट कमेटी से जुड़े सदस्यों ने एयरपोर्ट का मुआयना किया।

हालांकि पुलिस एवं सीआइएसएफ को शक है कि धमकी देने वाला कोई सिरफिरा युवक होगा। सीआइएसएफ के डिप्टी कमांडेंट मानसिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विमान क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

विमानों की लैंडिंग एवं टेकऑफ के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिल विक्रम का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

जानकारी मिलते ही जांच शुरू की

मामले की जानकारी मिलते ही हमने जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में किसी सिरफिरे के शामिल होने की बात सामने आई है। युवक ने विमान हाईजैक करने की धमकी दी थी। विस्तृत जांच की जा रही है।

– अरूण शर्मा, थाना प्रभारी गांधीनगर

Exit mobile version