katni Corona Test: 32 सेम्पल में से 23 की रिपोर्ट नेगेटिव
3 फेल, 6 लोगों के दोबारा भेजे जा रहे सेम्पल
आईसीएमआर जबलपुर से आज सुबह कटनी को मिली बड़ी राहत
कटनी। कटनी के लोगों के लिए आईसीएमआर जबलपुर से राहत की खबर आई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिन 32 लोगों के सेम्पल जांच के लिए आईसीएमआर जबलपुर भेजे थे, उनमे से 23 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
इनमे से अधिकांश लोग जिले की पहली कोरोना मरीज सीताबाई के संपर्क में आए थे। इनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने से कटनी के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है, जबकि 6 लोगों के सेम्पल फेल हो गए हैं। इन 6 लोगों के साथ ही 3 अन्य लोगों के सेम्पल 24 घंटे के अंदर दोबारा भेजने के लिए कहा गया है। रेपिड रिस्पांस टीम प्रमुख डॉ. समीर सिंघई ने बताया कि 9 में से 8 लोगों के सेम्पल आज जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
विदित हो कि सिहोरा निवासी सीताबाई के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के बाद उसकी कांटेक्ट हिस्ट्री का पता लगाए जाने पर करीब 41 लोगों की जानकारी मिली। इन सभी लोगों को क्वारंटाइन करते हुए इनकी सेम्पलिंग की गई। सबसे पहले सीताबाई के मायके पक्ष के 10 लोगों के सेम्पल लिए गए थे। इनकी रिपोर्ट नेगेटिव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विगत 4 मई को 32 लोगों के सेम्पल लिए गए हैं।
इसमे सीताबाई का इलाज करने वाले चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य संपर्की शामिल है। इनकी रिपोर्ट आज मिली है। अब तक जिले से कुल 81 सैंपल जांच हेतु आईसीएमआर जबलपुर भेजे गए हैं, जिनमे से सभी की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। इनमे 1 पाजीटिव (सीताबाई), 63 निगेटिव और 14 सेम्पल रिजेक्ट और 3 सेम्पल को पुनः भेजा जा रहा है।
इनका कहना है आईसीएमआर जबलपुर से आज 32 लोगों की सेम्पल रिपोर्ट मिली है। जिसमे 23 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि 6 लोगों के सेम्पल जांच में फेल 3 लोगों के सेम्पल 24 घंटे में भेजने के लिए कहा गया है। जिन 23 लोगों के सेम्पल नेगेटिव आये हैं, उन्हें 14 मई तक क्वारंटाइन पर रखा जाएगा। इसके बाद यदि उनमे कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाते हैं तो पुनः सेम्पल लिया जाएगा। इसके अलावा 8 लोगों के सेम्पल पुनः लेकर जांच के लिए आईसीएमआर जबलपुर भेजे जा रहे हैं। डॉ. समीर सिंघई प्रमुख, रेपिड रिस्पांस टीम