Site icon Yashbharat.com

दाल मिल में चोरी की चार मोटर बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार,माधवनगर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी अभी फरार

IMG 20260810 WA0093

दाल मिल में चोरी की चार मोटर बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार,माधवनगर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी अभी फरा

कटनी- माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित बंगला लाइन की पीएमडी दाल मिल में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई एलीवेटर की चार मोटरें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है, बरामद की हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, दाल मिल संचालक विजय कुमार डोडवानी निवासी माधवनगर ने 7 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 अगस्त की रात करीब 9 बजे फैक्ट्री बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री के ऊपरी हिस्से में बने गोदाम में पहुंचे तो शटर खुला मिला और वहां रखी पुरानी एलीवेटर की चार मोटरें गायब थीं। शिकायत पर माधवनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही भौतिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस बंगला लाइन और एसीसी क्षेत्र तक पहुंची, जहां से केशव उर्फ बड्डा वंशकार (20), अजय वंशकार उर्फ दुर्रानी (26) और रोहित उर्फ किराया वंशकार (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चारों मोटरें बरामद कर ली गईं।

मजदूरी के दौरान बनाई थी चोरी की योजना

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी, ऑटो चलाने और फैक्ट्री में हम्माली का काम करते हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भीम वंशकार हम्माली के दौरान दाल मिल में आता-जाता था। इसी दौरान उसने गोदाम में रखी एलीवेटर की मोटरों को देखा और अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। 6 अगस्त की रात आरोपी पीछे के रास्ते से दाल मिल में दाखिल हुए और गोदाम से चार मोटर चोरी कर ले गए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह चोरी पैसों की जरूरत के चलते की थी।

मामले में भीम वंशकार और सुशील वंशकार अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने की सतर्कता की अपील

माधवनगर पुलिस ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि घर, दुकान अथवा व्यापारिक प्रतिष्ठान में किसी भी नए कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस का कहना है कि सतर्कता और समय पर सत्यापन से चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उनि नवीन नामदेव, सउनि वहाब खान, प्र.आर. विनोद कुमार विश्वकर्मा सहित आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, नवीन शुक्ला, मणि सिंह, रोहित सिंह, चंद्रेश सिंह, नंदन, रणविजय, योगेश एवं अर्जुन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version