KATNI: हादसे में दिवंगत प्रधान आरक्षक की अंतिम विदाई, SP ने अर्थी को दिया कांधा

कटनी। शहडोल-कटनी मार्ग पर सुरखी टैंक के पास शनिवार की देरशाम बड़वारा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बड़वारा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक खिरहनी फाटक क्षेत्र निवासी हीरालाल निषाद शनिवार की देरशाम ड्यूटी करके बुलट मोटर सायकल से वापस घर लौट रहे थे।

उसीदौरान सुरखी टैंक के पास तेज रफ्तार बुलट मोटर सायकल को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसके कारण बुलट सवार प्रधान आरक्षक हीरालाल निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवपरीक्षण कराते हुए मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

अंतिम संस्कार में शामिल हुए एसपी

दर्दनाक सड़क हादसे में विभाग के प्रधान आरक्षक हीरालाल निषाद के निधन की खबर से पूरे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं आज सुबह पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज केडिया प्रधान आरक्षक हीरालाल निषाद के निवास पहुंच कर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद एसपी सहित दूसरे पुलिस अधिकारी दिवंगत हीरालाल निषाद के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए।

Exit mobile version