सायना में बिखरे कविता के रंग,ओज, श्रृंगार, हास्य और देषभक्ति की कविताओं ने बाँधा समाऺ
सायना में बिखरे कविता के रंग,ओज, श्रृंगार, हास्य और देषभक्ति की कविताओं ने बाँधा समा
कटनी -सायना इंटरनेशनल स्कूल कटनी में हिन्दी दिवस के अवसर पर अंतरसदनीय हिन्दी काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत श्रीमती राजेश्वरी खरे के साथ सायना के वरिष्ठ छात्र राममोहन सिंह परमार, रोहन पंजवानी एवं अंशुमन ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओज रस के युवा कवि तुषार भट्टाचार्य ‘तपन‘, अध्यक्ष सायना के प्राचार्य डॉ आदित्य कुमार शर्मा, विशिष्ट अतिथि मैनेज़मेंट प्रतिनिधि मि. ऋषि अरोरा, किड्स प्रभारी डॉ भारती शर्मा, हेडमास्टर कमल सरेचा एवं समन्वयक श्रीमती रीत मोंगा ने माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मि. दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। काव्यपाठ की शानदार प्रस्तुति का सफल मंच संचालन तुषार भट्टाचार्य ‘तपन‘ ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं के साथ करके कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ा दिया। कार्यक्रम में कविताओं के विविध रंग छाए रहे। किसी ने ओज को प्रस्तुत किया, तो किसी प्रेम के रंग बिखेरे, तो किसी ने हास्य को हथियार बनाकर प्रतियोगिता जीत ली। कनिष्ठ वर्ग से सफायर हाउस के कैडिट तेजस त्रिपाठी को प्रथम, रूबी हाउस से सैफ अली द्वितीय और एमरल्ड हाउस की कैडिट वर्धा त्रिपाठी तृतीय स्थान पर रहे। वही वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान पर जहाँ रूबी हाउस की यशी गुप्ता रहीं, वहीं द्वितीय स्थान पर सफायर हाउस की ज्योति मिश्रा व तृतीय स्थान टोपेज हाउस की शिवांशी सिंह परिहार रहीं। जहाँ तेजस त्रिपाठी ने ओज की कविता के माध्यम से श्रोताओं में ऊर्जा का संचार कर दिया, वहीं ज्योति मिश्रा, शिवांशी सिंह व यशी गुप्ता ने अपनी श्रृंगार की कविताओं के माध्यम से सभी को प्रभावित किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हिन्दी न केवल हमारी मातृभाषा है बल्कि यह पूर्णतः वैज्ञानिक भाषा है। हमें उच्चारण करते समय इसकी शुद्धता का ध्यान रखना चाहिए। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. लोकेश दुबे ने
शुभकामनाएँ देते हुए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। आभार प्रदर्शन विभाग प्रभारी दिलीप कुमार झा ने किया।