कटनी। बीना-कटनी रेलखंड पर दमोह स्टेशन के समीप रेवांचल एक्सप्रेस में चाकू अड़ाकर सतना के सराफा कारोबारी के मुनीम के साथ की गई 50 लाख रूपए से अधिक की लूट के मामले का खुलासा गतदिवस रेल पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने कर दिया। रेलपुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने बताया कि बदमाशों ने मोबाइल पर लूट की साजिश रची थी। जिसमें स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के युवक भी शामिल थे।
एसआरपी ने बताया कि सतना के सराफा कारोबारी मंदीप शाह का मुनीम रंजीत पिता परसराम कुशवाहा एक अन्य कर्मचारी के साथ गाड़ी संख्या 12186 रीवा-भोपाल रेवांचल एक्सप्रेस में 25 जुलाई को इंदौर के सराफा कारोबारी को 65 लाख रूपए देने जा रहा था।
उसीदौरान दमोह रेल्वे स्टेशन के समीप पांच अज्ञात बदमाशों ने चाकू अड़ाकर 65 लाख रूपये से अधिक लूट लिये थे। 23 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सतना निवासी एवं रेलकर्मी का पुत्र राजन उर्फ गौतम जाटव ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
राजन ने मुनीम रंजीत कुशवाहा की रैकी कर सतना निवासी अपने साथी शनि शंकर तिवारी, मनीष यादव व स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम बंधी निवासी धर्मेन्द्र चक्रवर्ती के साथ मोबाइल पर लूट की योजना बनाई।
ट्रेन के मुड़वारा स्टेशन पहुंचने पर रंजीत कुशवाहा बैग में रकम लेकर जा रहा था, उसकी पहचान कराई और इसके बाद दमोह के पास चाकू अड़ाकर 65 लाख रूपए लूट लिए। लूट के बाद आरोपी राजन जाटव ने 14 लाख रूपए, शनिशंकर ने 14 लाख रूपए, धर्मेंद्र चक्रवर्ती 13.5 लाख रूपए, मनीष यादव 14.5 लाख रूपए, संतोष बैन 9 लाख रूपए बांट लिए थे।
इसमें से जीआरपी ने 28 लाख 26 हजार 880 रूपए जप्त कर लिए हैं। गौरतलब है कि इस मामले में आरोपी मनीष यादव के पिता व भाई को जीआरपी कटनी ने बैंक से रकम निकालते समय दबोचा था। जिसके बाद ही लूट की इस वारदात का खुलासा हुआ।

