2.188 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, जीजा पर सप्लाई करने का आरोप,गायत्री नगर पुलिया के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा आरोपी, फरार आरोपी की तलाश जारी

2.188 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, जीजा पर सप्लाई करने का आरोप,गायत्री नगर पुलिया के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा आरोपी, फरार आरोपी की तलाश जारी

कटनी। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 188 ग्राम गांजे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा उसे उसके जीजा द्वारा बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस ने जीजा को भी मामले में आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 8 सितंबर को थाना मोबाइल क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान गायत्री नगर पुलिया, रेलवे पंप रोड के पास पेड़ के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद थैला लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चूड़ामणि दुबे (35), निवासी झलवारा, थाना एनकेजे बताया। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर कुल 2.188 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये है, बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1021/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

पूछताछ में जीजा का नाम सामने आया

पुलिस पूछताछ में चूड़ामणि दुबे ने बताया कि उसका जीजा सुरेश तिवारी, निवासी सिविल लाइन कटनी, उसे गांजा बेचने के लिए उपलब्ध कराता था। बिक्री से प्राप्त राशि वह अपने जीजा को देता था। आरोपी के कथित मेमोरेण्डम के आधार पर सुरेश तिवारी को भी मामले में नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की भनक लगते ही सुरेश तिवारी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि सुरेश तिवारी पूर्व में भी एक आपराधिक मामले में न्यायालय से 10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित हो चुका है और वर्तमान में जमानत पर था। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पूर्व प्रकरण में जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई भी करेगी।

कार्रवाई में निरीक्षक राखी पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक विरेन्द्र तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब, गांजा, स्मैक, नाइट्रावेट सहित अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version