पांच साल से फरार हत्या का आरोपी इटारसी से गिरफ्तार रीठी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास दबोचा, लोहे की रॉड और बरछी से हत्या का आरोप

पांच साल से फरार हत्या का आरोपी इटारसी से गिरफ्तार

रीठी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास दबोचा, लोहे की रॉड और बरछी से हत्या का आरो

 

कटनी। हत्या के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को रीठी पुलिस ने इटारसी से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को इटारसी रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी रीठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

मारपीट के दौरान हुई थी हत्या

दिनांक 2 फरवरी 2022 को मर्ग क्रमांक 12/22 में मृतक चरसलाल पारधी पिता रामरस पारधी, निवासी ललितपुर बूढ़ा की मृत्यु की जांच की गई थी। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी जोनस लाल पारधी, रूलबाबू पारधी एवं चंसूर उर्फ बिस्किटलाल पारधी ने लोहे की रॉड एवं बरछी से चरसलाल पारधी के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे अजूबा पारधी एवं टन्नी पारधी के साथ भी मारपीट की गई थी।

मामले में थाना रीठी में अपराध क्रमांक 33/22 के तहत धारा 302, 324 भादवि में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

स्थायी ठिकाना नहीं होने से गिरफ्तारी में आई दिक्कत

घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी तलाश की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का एक स्थान पर स्थायी रूप से निवास नहीं होने के कारण उनकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी। काफी प्रयासों के बावजूद आरोपियों के नहीं मिलने पर न्यायालय में फरारी चालान भी प्रस्तुत किया गया था।

इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि हत्या के मामले में फरार आरोपी रूलबाबू पारधी इटारसी, जिला नर्मदापुरम में मौजूद है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम को तत्काल इटारसी रवाना किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को इटारसी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक मोहम्मद शाहिद, उप निरीक्षक दिनेश चौहान, प्रधान आरक्षक अजय मेहरा, प्रधान आरक्षक नितेश दुबे, आरक्षक शमशेर सिंह, आरक्षक अमन सिंह थाना रीठी तथा साइबर सेल से शुभम गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version