चेतनोदय तीर्थ की जमीन वापस लेने के आवेदन पर भड़का जैन समाज,कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध, 145 एकड़ भूमि दान में दिए जाने का दावा; आवेदन निरस्त करने की मांग

चेतनोदय तीर्थ की जमीन वापस लेने के आवेदन पर भड़का जैन समाज,कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध, 145 एकड़ भूमि दान में दिए जाने का दावा; आवेदन निरस्त करने की मां

 

कटनी। कैलवारा-झुरही स्थित चेतनोदय तीर्थ क्षेत्र को दान में मिली करीब 145 एकड़ भूमि को वापस लिए जाने के लिए राजस्व विभाग में दिए गए आवेदन की जानकारी सामने आने के बाद सकल जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को बड़ी संख्या में जैन समाज के महिला-पुरुष और बुजुर्ग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज ने प्रशासन से ट्रस्टियों द्वारा दिए गए जमीन वापसी के आवेदन को निरस्त करने की मांग की।

ज्ञापन में जैन समाज की ओर से बताया गया कि वर्ष 1998 में सिंघई कन्हैया लाल ट्रस्ट द्वारा करीब 145 एकड़ भूमि सकल दिगंबर जैन पंचायत को दान में दी गई थी। समाज के अनुसार, भूमि का विधिवत पंजीयन कराया गया था और नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हुई थी। अब क्षेत्र में जमीनों के बढ़ते मूल्य के बीच ट्रस्ट के कुछ कर्ताधर्ताओं द्वारा उक्त भूमि को वापस लिए जाने के लिए राजस्व विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद समाज में रोष फैल गया।

‘तीर्थ क्षेत्र की जमीन किसी भी सूरत में नहीं जाने देंगे’

जैन समाज के लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वर्षों पूर्व धार्मिक एवं सामाजिक उद्देश्य से दान में दी गई भूमि को अब वापस लेने का प्रयास उचित नहीं है। समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जमीन वापसी के आवेदन को निरस्त करने की मांग की।

ज्ञापन प्राप्त करते हुए डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी ने जैन समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार यथोचित निर्णय लेते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यशभारत से चर्चा में डीपीएस के संचालक अनुराग जैन ने कहा कि “पूरा जैन समाज एकजुट है। किसी भी सूरत में चेतनोदय तीर्थ क्षेत्र की जमीन समाज के हाथ से नहीं जाने देंगे।” वहीं मगन जैन ने कहा कि “चेतनोदय तीर्थ क्षेत्र केवल कटनी की पहचान नहीं, बल्कि पूरे देश के जैन समाज की शान है।”

प्रदर्शन एवं ज्ञापन के दौरान दिगंबर जैन पंचायत के पदाधिकारी, समाज की महिलाएं, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

Exit mobile version