बड़ा भाई नगर रक्षा समिति के द्वारा एनकेजे थाने में तैनात, छोटा भाई गांव में बेच रहा अवैध शराब, ग्रामीणों ने एसपी से की कार्रवाई की मांग
बड़ा भाई नगर रक्षा समिति के द्वारा एनकेजे थाने में तैनात, छोटा भाई गांव में बेच रहा अवैध शराब, ग्रामीणों ने एसपी से की कार्रवाई की मांग
कटनी(YASHBHARAT.COM)। एनकेजे थाना में पुलिस की मदद के लिए तैनात नगर रक्षा समिति सदस्य के छोटे भाई के द्वारा अवैध शराब विक्रय करने का मामला प्रकाश में आया है। अवैध शराब विक्रय करने का विडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए न केवल एनकेजे थाने में पदस्थ नगर रक्षा समिति सदस्य भाई को हटाने की मांग की है बल्कि उसके अवैध शराब विक्रेता भाई पर भी अपराध दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एनकेजे थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया निवासी मनीष तिवारी नगर रक्षा समिति का सदस्य है। बताया जाता है कि मनीष तिवारी को पुलिस की मदद के लिए एनकेजे थाने में तैनात किया गया है। इसी बात का फायदा उसका छोटा भाई छोटू तिवारी उठा रहा है और गांव में ग्राम पंचायत भवन के पास अवैध शराब का विक्रय कर रहा है। उसके अवैध शराब विक्रय के वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहें हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गांव में अवैध शराब विक्रय से माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने इस बात का ध्यान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा की ओर आकर्षित कराते हुए मनीष तिवारी व उसके भाई दोनों पर कार्रवाई की मांग की है।