आयुध निर्माणी में काली मंदिर से मंगलनगर तिराहे तक एक माह के लिए बंद रहेगी सड़क, निर्माण कार्य के चलते निर्माणी प्रबंधन का निर्णय 

कटनी(YASHBHARAT.COM)। कटनी साउथ स्टेशन के पास ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के साथ ही ओवर ब्रिज को जोड़ने वाली सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। एसीसी के हिस्से से शुरू हुआ सड़क निर्माण का कार्य आयुध निर्माणी परिसर स्थित काली मंदिर तक पूर्ण करा लिया गया है। वहीं अब काली मंदिर के आगे मंगलनगर तिराहे तक की सड़क पर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। जिसके चलते इस मार्ग पर कल 10 सितंबर, गुरुवार से आगामी एक माह तक सभी प्रकार का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उक्ताशय की जानकारी देते हुए आयुध निर्माणी के कार्य प्रबंधक/प्रशासन

एवं पीआरओ ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के कारण आर्डनेन्स फैक्टरी के काली मंदिर तिराहा से कटनी साउथ रेल्वे स्टेशन होकर मंगल नगर गेट (ईस्ट लैण्ड) तक जाने वाले मार्ग पर 10 सितम्बर से 09 अक्टूबर 2026 तक एक माह के लिए सभी प्रकार का आवागमन अस्थायी रूप से बंद किया गया है। अत: निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालनार्थ, कार्य की सुचारू प्रगति एवं बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने के मद्देनजर समस्त आमजन, निर्माणी इस्टेट निवासियों एवं साउथ रेल्वे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों से अपील की जाती है कि वे आयुध निर्माणी इस्टेट और कटनी साउथ स्टेशन तक आवागमन के लिए केंद्रीय विद्यालय, आ॰नि॰ कटनी, प्रवेश द्वार के पास तथा स्कूल की बाउंड्रीवाल के बाजू से बनाए गए परिवर्तित (डायवर्सन)/अस्थायी मार्ग, जो मंगल नगर की मुख्य सड़क की ओर जाता है, का इस्तेमाल करें । निर्माणाधीन और परिवर्तित मार्ग भारी-वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से वर्जित रहेगा।

 

इसके अलावा लखेरा से आयुध निर्माणी रेल्वे फाटक-बजरिया होते हुए भी निर्माणी इस्टेट और साउथ स्टेशन तक पहुंचने हेतु आवाजाही की जा सकती हैं।

 

इस अवधि के दौरान सभी लोगों से अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आग्रह है। असुविधा के लिए हमें खेद है।  निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत मार्ग आवागमन हेतु पुन: खोल दिया जाएगा।

 

Exit mobile version