कांबिंग गश्त में अपराधियों पर कसा शिकंजा, 182 आरोपी गिरफ्तार,20 स्थाई वारंटी और 69 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए, अवैध शराब के 44 मामलों में 44 आरोपी गिरफ्तार; 94 गुंडा व निगरानी बदमाशों की हुई चेकिंग
कांबिंग गश्त में अपराधियों पर कसा शिकंजा, 182 आरोपी गिरफ्तार,20 स्थाई वारंटी और 69 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए, अवैध शराब के 44 मामलों में 44 आरोपी गिरफ्तार; 94 गुंडा व निगरानी बदमाशों की हुई चेकिंग
कटनी। अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने विगत रात्रि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों, होटल, ढाबों और धर्मशालाओं सहित संदिग्ध स्थानों की सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान वारंटियों, इनामी एवं वांछित आरोपियों के साथ-साथ गुंडा एवं निगरानी बदमाशों पर भी शिकंजा कसा गया।
कांबिंग गश्त के दौरान न्यायालय से जारी 20 स्थाई वारंट और 69 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं पुलिस ने 42 गुंडा बदमाशों और 44 निगरानी बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी चेकिंग की। इसके अलावा जिला बदर किए गए तीन बदमाशों की भी जांच की गई।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 44 प्रकरण दर्ज कर 44 आरोपियों के कब्जे से 415 पाव देशी शराब (74.7 लीटर) तथा 59.5 लीटर कच्ची शराब, कुल 134.2 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 53,060 रुपये है, जब्त की। सभी मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई।
अभियान के दौरान 37 जमानती वारंट और 51 समंस भी तामील किए गए। जुआ एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस में 3 तथा धारा 126, 135 बीएनएसएस में 62 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। रात्रि में आने-जाने वाले 44 मुसाफिरों की भी जांच कर रजिस्टर में इंद्राज किया गया।
पुलिस के अनुसार कांबिंग गश्त का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करना, वांछित आरोपियों की धरपकड़ तथा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। अभियान के दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने देर रात तक लगातार सघन चेकिंग और गश्त की।