Site icon Yashbharat.com

कैमोर की बेटी डॉ. अंशिता सिंघई को राष्ट्रीय मंच पर मिला मेरिट अवार्ड, बढ़ाया नगर का मान

IMG 20260305 WA0132

कैमोर की बेटी डॉ. अंशिता सिंघई को राष्ट्रीय मंच पर मिला मेरिट अवार्ड, बढ़ाया नगर का मा

कटनी -कैमोर की होनहार बेटी और वरिष्ठ पत्रकार राजेश सिंघई की पुत्री डॉ. अंशिता सिंघई ने अपनी उपलब्धि से पूरे नगर को गौरवान्वित किया है। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित हितकारिणी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, जबलपुर की प्रतिभाशाली डॉक्टर अंशिता को इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ डेंटिस्ट (ICD) द्वारा प्रतिष्ठित मेरिट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली के द्वारका स्थित गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी में आयोजित भव्य वार्षिक दीक्षांत एवं अवार्ड समारोह में प्रदान किया गया।
इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन International College of Dentists के तत्वाधान में किया गया, जिसमें देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित दंत चिकित्सक और चिकित्सा क्षेत्र की नामचीन हस्तियाँ उपस्थित रहीं। समारोह के मुख्य अतिथि ICD के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. जूलियो एच. रोड्रिग्यूज थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ICD इंडिया के प्रेसिडेंट डॉ. वी.एस. कोहली ने की। विशिष्ट अतिथियों में पद्मश्री डॉ. दिगंबर बेहरा (अध्यक्ष, नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंस), पद्मभूषण डॉ. के.के. तलवार, डॉ. वाय.के. विरवानी तथा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. महेश वर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत ICD न्यूज लेटर का विमोचन किया गया तथा नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई। मंचासीन अतिथियों ने दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा डॉक्टरों को प्रेरित करते हुए अपने उद्बोधन प्रस्तुत किए। इसी क्रम में विभिन्न राज्यों—दिल्ली, आंध्र प्रदेश, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु सहित अन्य प्रदेशों—से आए ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट दंत चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. अंशिता सिंघई को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और समर्पण के लिए मेरिट अवार्ड प्रदान किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कैमोर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

Exit mobile version