सायना इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

सायना इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिव

कटनी। सायना इंटरनेशनल स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती अनकृति पाठक, सायना मैनेजमेंट स्कूल की सदस्य, मैनेजमेंट प्रतिनिधि श्री ऋषि अरोरा तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा के आगमन से हुआ। किड्स प्रभारी डॉ. भारती शर्मा, हेडमास्टर कमल सरेचा, डॉ. लोकेश दुबे एवं समन्वयक श्रीमती रीत मोंगा ने स्कूल बैंड की सुमधुर धुनों के बीच अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती अनकृति पाठक ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात स्कूल बैंड की प्रस्तुति के साथ राष्ट्रगान हुआ। मुख्य अतिथि एवं छात्र पदाधिकारियों ने चारों सदनों, सैनिक स्कूल तथा एनसीसी के मार्च पास्ट का निरीक्षण किया। शानदार प्रदर्शन करते हुए सैनिक स्कूल ने मार्च पास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी अपने नाम की। छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इसके बाद किड्स प्रभारी डॉ. भारती शर्मा सहित अतिथियों ने मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वेस्टर्न डांस, क्लासिकल डांस एवं हिंदी गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कक्षा 10वीं एवं सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों यज्द खान और तनिषा थोकचोम के ओजपूर्ण भाषणों ने भी खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। अनुशासित रहकर लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने स्वच्छता के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि आज भारत तेजी से बदल रहा है। यह नया और युवा भारत है। भारत सैन्य उपकरणों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ उनका निर्यात भी कर रहा है। वहीं, नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था एवं विकास को नई दिशा मिल रही है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन समर्थ गुप्ता, दिव्यांशी सोनी, ज्योति मिश्रा, अभ्युदय प्रताप, शिरसा तिवारी एवं शान्वी यादव ने किया। अभिनव सर एवं भावना सिंह के नेतृत्व में छात्रावासी विद्यार्थियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर प्रेरणाप्रद नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्राचार्य एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों को बैज प्रदान कर उन्हें विभिन्न दायित्वों की शपथ दिलाई। आदित्यवीर सिंह को स्पोर्ट्स उपकप्तान, शिरसा तिवारी को स्कूल सांस्कृतिक सचिव, अपराजित द्विवेदी को एकेडमिक काउंसिल सचिव तथा अर्नव रेजा को मैस सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्यालय के हेड बॉय अरिन लोकतम्बम एवं हेड गर्ल अन्वेशा सोनी ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम संयोजक दीपक बलियानी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद किया। अंत में विद्यार्थियों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर सायना स्कूल की चेयरपर्सन डॉ. श्रीमती निधि पाठक, पूर्व महापौर एवं सचिव श्रीमती निर्मला सत्येन्द्र पाठक, विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री संजय सत्येन्द्र पाठक सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version