समय-सीमा प्रकरणों में देरी बर्दाश्त नहीं, 20 अगस्त तक पूर्ण करें डीएलसी का शेष कार्य – निगमायुक्त सुश्री परिहार,महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ सिक्मी किरायेदारी पर कार्रवाई के निर्दे
कटनी। नगर निगम के एमआईसी सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सीएम हेल्पलाइन, विभागीय गतिविधियों, समय-सीमा प्रकरणों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने, कार्यों में पारदर्शिता रखने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया सहित विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।
20 अगस्त तक पूर्ण करें डीएलसी का शेष कार्य
सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के डीएलसी कार्य की समीक्षा में लगभग 82 प्रतिशत कार्य पूर्ण होना बताया गया। निगमायुक्त ने वार्डवार समीक्षा करते हुए मृतक हितग्राहियों के आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर शेष डीएलसी कार्य 20 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने तथा जानकारी सामाजिक न्याय विभाग को भेजने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली बढ़ाएं, सिक्मी किरायेदारी पर कार्रवाई
राजस्व वसूली की समीक्षा में निर्धारित लक्ष्य से कम वसूली पर नाराजगी जताते हुए दैनिक एवं साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। नामांतरण प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, बाजार वसूली एवं ट्रेड लाइसेंस की वसूली में तेजी तथा सिक्मी किरायेदारों के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
समय-सीमा प्रकरणों में लापरवाही पर सख्ती
निगमायुक्त ने शासन की योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन, महापौर जनसुनवाई सहित जलप्रदाय, लोककर्म, सीवर, उद्यान, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हॉकर्स जोन एवं बस स्टॉप करें व्यवस्थित
शहर में यातायात व्यवस्था सुगम बनाने एवं छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के लिए संभावित स्थलों का सर्वे कर सुविधायुक्त हॉकर्स जोन विकसित करने के निर्देश दिए। वहीं बस स्टॉप स्थलों को अतिक्रमणमुक्त कर जल निकासी, सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
जलकर राहत योजना का दिलाएं लाभ
बड़े जलकर बकायादारों के लिए संचालित विशेष राहत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक नागरिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। जोन कार्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा बकायादारों को संदेश भेजकर व्यक्तिगत संपर्क करने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई
लंबित एवं 100 दिवस से अधिक पुरानी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने गंभीरता से निराकरण के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई प्रस्तावित करने की चेतावनी दी। महापौर जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के भी निर्देश दिए।
दो शिफ्ट में चले फॉगिंग अभियान
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में दो शिफ्ट में फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई तथा घुमंतू मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई तेज करने को कहा। अमीरगंज कांजी हाउस की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए वार्ड दरोगाओं को सुबह-शाम निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं एवं फायर सेफ्टी की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना, अवैध कॉलोनी निर्माण, कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी, जर्जर भवनों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के विभाग प्रमुख एवं लिपिकों की मौजूदगी रही।
