डीपीएस कटनी को मिला ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय’ का गौरव,5-स्टार स्टेट/यूटी लेवल मान्यता के साथ मध्यप्रदेश में पांचवां स्थान, 94.40 प्रतिशत रहा समग्र स्कोर
डीपीएस कटनी को मिला ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय’ का गौरव,5-स्टार स्टेट/यूटी लेवल मान्यता के साथ मध्यप्रदेश में पांचवां स्थान, 94.40 प्रतिशत रहा समग्र स्को
कटनी- दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), कटनी ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्यांकन 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय को स्टेट/यूटी लेवल रिकग्निशन के तहत 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। वहीं, उत्कृष्ट 94.40 प्रतिशत समग्र स्कोर के साथ विद्यालय ने पूरे मध्यप्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है।
कई चरणों में हुए निरीक्षण एवं मूल्यांकन के बाद डीपीएस कटनी को कटनी जिले का सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ एवं हरित विद्यालय घोषित किया गया। विद्यालय को यह प्रतिष्ठित सम्मान जल प्रबंधन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, साफ-सफाई, साबुन से हाथ धोने, संचालन एवं रखरखाव, पर्यावरण संरक्षण, व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण तथा मिशन लाइफ जैसी विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
मूल्यांकन में विद्यालय ने साबुन से हाथ धोने तथा व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण में 100 प्रतिशत, जबकि संचालन एवं रखरखाव तथा मिशन लाइफ गतिविधियों में 95.24 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों में जिम्मेदार व्यवहार विकसित करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
विद्यालय के मुख्य प्रशासक श्री सैयद नईम अख्तर, प्राचार्या श्रीमती सीमा दुबे एवं उपप्राचार्या श्रीमती शबनम अख्तर के नेतृत्व में विद्यालय की पूरी टीम परिसर को स्वच्छ, स्वस्थ, पर्यावरण-अनुकूल एवं टिकाऊ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयासों को दिया।
इस प्रतिष्ठित सम्मान की घोषणा स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के सचिव डॉ. संजय गोयल द्वारा की गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी (IAS), पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा (IPS) एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार (IAS) द्वारा डीपीएस प्रबंधन को सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती जूही जैन के मार्गदर्शन में मिली इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। डीपीएस कटनी ने मध्यप्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त कर यह संदेश दिया है कि शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ, हरित, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणा देगा।