Latest

कटनी प्रवास में मंत्री सिंह का फोकस – शिक्षा, सेवा और संसाधन संरक्षण पर रहा जोर

कटनी।कटनी प्रवास में मंत्री सिंह का फोकस – शिक्षा, सेवा और संसाधन संरक्षण पर रहा जोर।  मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह शनिवार 20 अप्रैल को एक दिवसीय दौरे पर कटनी पहुंचे। वे नरसिंहपुर जिले के ग्राम लोलरी से सड़क मार्ग के माध्यम से जबलपुर होते हुए दोपहर करीब 3 बजे कटनी पहुंचे।

कटनी आगमन के बाद मंत्री सबसे पहले विधायक संदीप जायसवाल के बरही रोड स्थित निवास पहुंचे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसके पश्चात वे सर्किट हाउस में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए, जहां विभिन्न विकास योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

शाम 4:30 बजे मंत्री सिंह ने साधुराम स्कूल परिसर में आयोजित पुस्तक मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और पढ़ने की आदत को जीवन का आधार बताया। इसी मंच पर उन्होंने समाजसेवा में उल्लेखनीय कार्य कर रही संस्था ‘कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी’ को सम्मानित भी किया। मंत्री ने संस्था की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जैसे कार्य मानवता की सबसे बड़ी सेवा हैं।

इसके बाद मंत्री 5:45 बजे ग्राम पडुआ पहुंचे, जहां उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वर्षा जल संचयन को समय की आवश्यकता बताया।

अपने निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता के पश्चात मंत्री 6:15 बजे पुनः ग्राम लोलरी के लिए रवाना हो गए।

 

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि