सेवा मेरा योगदान–सेवा सेतु’ अभियान में छात्राओं ने दिया स्वच्छता का संदेश
‘सेवा मेरा योगदान–सेवा सेतु’ अभियान में छात्राओं ने दिया स्वच्छता का संदे
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान–सेवा सेतु’ अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्राओं में स्वच्छता, सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जन-जागरूकता की भावना विकसित करना रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन एवं NSS प्रभारी डॉ. शिल्पी सिंह के निर्देशन में आयोजित अभियान में NSS छात्राओं के साथ NCC कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर कचरा एकत्र किया और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया।
इस अवसर पर छात्राओं को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए कहा गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। छात्राओं ने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
NSS प्रभारी डॉ. शिल्पी सिंह ने सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। अभियान में NSS छात्राओं एवं NCC कैडेट्स की सक्रिय सहभागिता रही।








