तलवार के वार से युवक लहूलुहान, ₹8 हजार छीनने का आरोप,होटल से एक माह की पगार लेकर घर लौट रहा था राहुल, संजय नगर में रास्ते में रोककर हमला करने का आरोप

तलवार के वार से युवक लहूलुहान, ₹8 हजार छीनने का आरोप,होटल से एक माह की पगार लेकर घर लौट रहा था राहुल, संजय नगर में रास्ते में रोककर हमला करने का आरो
कटनी/माधवनगर। माधवनगर थाना क्षेत्र के संजय नगर में देर रात एक युवक पर तलवार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल अवस्था में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घायल युवक और उसके परिजनों ने कुछ लोगों पर रुपये मांगने, तलवार से हमला करने और करीब 8 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार संजय नगर निवासी राहुल दुबे होटल में काम करता है। बताया जा रहा है कि देर रात काम खत्म करने के बाद वह एक माह की पगार लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने कथित रूप से उसे रोक लिया।
घायल राहुल के अनुसार, रोकने वालों में पुत्ती चीनी और नेपाली मामा नाम के लोग भी शामिल थे। राहुल का आरोप है कि संबंधित लोग नशे की हालत में थे और उससे रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित रूप से तलवार से उस पर हमला कर दिया।
राहुल के मुताबिक तलवार के वार से उसके सिर में गंभीर चोट आई। इसी दौरान उसके पास रखे करीब 8 हजार रुपये छीन लिए गए। हमले के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
घायल को डायल 112 के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसके बाद अभी तक पुलिस कर्मी अस्पताल नहीं पहुंची और मुझसे कोई जानकारी नहीं ली गईं।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति
घटना को लेकर घायल युवक और उसके परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस स्तर पर नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच, घायल के बयान और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तलवार से हमला, रुपये छीने जाने और आरोपियों की भूमिका सहित पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस द्वारा की जाना बाकी है।








