गांधी जयंती पर जिला अस्पताल में जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान स्वच्छता मित्रों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त भारत की दिलाई शपथ
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय परिसर में हुआ स्वच्छता कार्यक्रम, सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उठाई झाड़ू

यशभारत डॉट कॉम कटनी। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर, सीएमएचओ राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा, जिला युवा अधिकारी विलोकित सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील
कार्यक्रम के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग नहीं करने और कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की गई।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिला चिकित्सालय परिसर में श्रमदान करते हुए स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया।








