सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार, 4 अक्टूबर को शहर में 6 स्थानों पर लगेंगे मेगा सेवा सेतु शिविर,जनविश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर होगा आयोजन, केन्द्र एवं राज्य की प्रमुख योजनाओं का मौके पर मिलेगा लाभ

सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार, 4 अक्टूबर को शहर में 6 स्थानों पर लगेंगे मेगा सेवा सेतु शिविर,जनविश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर होगा आयोजन, केन्द्र एवं राज्य की प्रमुख योजनाओं का मौके पर मिलेगा ला
कटनी – शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल और त्वरित रूप से पहुंचाने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा 4 अक्टूबर 2026, रविवार को शहर के 6 स्थानों पर विशाल “मेगा सेवा सेतु शिविर” आयोजित किए जाएंगे। “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” की भावना के अनुरूप आयोजित यह अभियान जनविश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान से संबद्ध रहेगा। शिविरों में केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न फ्लैगशिप एवं हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए पात्र नागरिकों को मौके पर ही लाभ एवं स्वीकृति प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी।
6 स्थानों पर एक साथ मिलेंगी शासकीय सेवाएं
शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेगा सेवा सेतु शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक बस स्टैंड ऑडिटोरियम, स्वामी विवेकानंद सभागार, दुर्गा चौक, खिरहनी, टी.सी. बजाज, सुभाष चौक, माधवनगर उप कार्यालय, नगर निगम कार्यालय ,खेरमाई मंदिर के पास लखेरा में आयोजित होंगे। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देते हुए अधिक से अधिक सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है।
एक ही छत के नीचे अनेक योजनाओं और सेवाओं की सुविधा
शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल, सामाजिक न्याय पेंशन, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, नवीन नल कनेक्शन एवं जलकर, भवन अनुज्ञा, फायर एनओसी, नामांतरण एवं कर निर्धारण, ट्रेड लाइसेंस सहित अन्य सेवाओं से संबंधित पृथक-पृथक काउंटर लगाए जाएंगे। हितग्राहियों के पंजीयन एवं आवेदन संबंधी कार्यवाही के लिए भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
सुव्यवस्थित आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां
अभियान के सफल संचालन के लिए आयुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर (IAS) द्वारा आदेश जारी कर विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को प्रभारी अधिकारी तथा राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिविरों में स्टॉल, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, यूपीएस, विद्युत एवं जनरेटर बैकअप, पेयजल, पंखे-कूलर, प्रसाधन, स्वल्पाहार, साउंड एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं की प्रदर्शनी, बैकड्रॉप, होर्डिंग, बैनर एवं सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।
स्वच्छता से लेकर रियल टाइम निगरानी तक व्यवस्था के निर्देश
निगमायुक्त ने शिविर स्थलों पर साफ-सफाई, चूने से रेखांकन, कीटनाशक छिड़काव तथा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों की गतिविधियों की रियल टाइम निगरानी के साथ पोर्टल पर हितग्राहियों एवं सेवाओं से संबंधित प्रविष्टियां शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाएंगी।
प्रत्येक शिविर स्थल पर शिविर प्रभारी (उपयंत्री) एवं सहायक प्रभारी (समयपाल) नियुक्त किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों का समय-सीमा में पालन करते हुए शिविरों को व्यवस्थित एवं जन सुविधा केंद्रित बनाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम प्रशासन ने देशवासियों से अपील की है कि वे 4 अक्टूबर को अपने निकटतम मेगा सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर शासन की पात्रतानुसार योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें।








