katniमध्यप्रदेश

सायना कॉलेज में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित तिलक कॉलेज ने पुरुष वर्ग में जीता खिताब, स्लीमनाबाद कॉलेज महिला वर्ग में विजेता

सायना कॉलेज में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित

तिलक कॉलेज ने पुरुष वर्ग में जीता खिताब, स्लीमनाबाद कॉलेज महिला वर्ग में विजेता

कटनी। मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार वार्षिक खेलकूद कैलेंडर वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन सायना इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, कटनी में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत्त मेडिकल ऑफिसर एवं अनुभवी शतरंज खिलाड़ी डॉ. एस.के. खम्परिया, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार, ऑर्बिटर शुभम केवट, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ. राजकुमार सहित अतिथियों एवं महाविद्यालय प्रबंधन की उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने रणनीतिक सोच, धैर्य, एकाग्रता और निर्णय क्षमता का परिचय दिया।

इस अवसर पर डॉ. एस.के. खम्परिया ने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि जीवन में सही समय पर सही निर्णय लेने की कला है। यह खेल धैर्य, दूरदृष्टि, रणनीति और परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है।

प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद उपविजेता रहा। महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद विजेता तथा शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी उपविजेता रहा।

आयोजन में विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक एवं महाविद्यालय के शैक्षणिक-अशैक्षणिक स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्रीड़ा प्रभारी शरद यादव ने आयोजन का संचालन किया। वरिष्ठ क्रीड़ाधिकारी हीरा लाल केवट ने सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। अरुण उरमलिया, डॉ. सार्थक चौरसिया, सत्यवीर सिंह एवं प्रशांत सोनी ने भी आयोजन में सहयोग दिया। समापन अवसर पर ऑर्बिटर शुभम केवट एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा आगामी स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Back to top button