छठ पूजा के लिए बिहार जा रहा यात्री पवन एक्सप्रेस में चाकूबाजी का शिकार लूट की नीयत से अज्ञात हमलावर ने किया हमला, घायल यात्री जिला अस्पताल में भर्ती

IMG 20261115 WA0021

छठ पूजा के लिए बिहार जा रहा यात्री पवन एक्सप्रेस में चाकूबाजी का शिकार
लूट की नीयत से अज्ञात हमलावर ने किया हमला, घायल यात्री जिला अस्पताल में भर्त

कटनी। ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छठ पूजा मनाने अपने घर बिहार के बसहा गांव जा रहे 20 वर्षीय यात्री पर पवन एक्सप्रेस ट्रेन में एक अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात में घायल युवक का उपचार कटनी जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, शिवम सिंह (20) कल्याण, मुंबई से बिहार स्थित अपने गांव बसहा जाने के लिए पवन एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश ने कथित तौर पर लूट की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि जबलपुर और गोसलपुर के बीच ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर आरोपी चलती ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
घटना में घायल शिवम को उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान युवक ने अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल यात्री से मुलाकात की और घटना के संबंध में पूछताछ कर उसका बयान लिया।
चलती ट्रेन में यात्री पर चाकू से हमले की इस घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।