हास्य-व्यंग्य के जरिए अंग्रेजों की कूटनीति पर किया प्रहार, ‘मुगलों ने सल्तनत बख्श दी’ का प्रभावशाली मंचन,एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसाइटी की प्रस्तुति ने इतिहास के प्रसंग को वर्तमान बाजार व्यवस्था से जोड़ा
कटनी। एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसाइटी, कटनी द्वारा शनिवार को बजरिया स्थित ऑर्डनेंस फैक्ट्री परिसर में नाटक ‘मुगलों ने सल्तनत बख्श दी’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। इंडेन गैस ऑफिस के पास शाम 7 बजे आयोजित इस नाट्य प्रस्तुति में इतिहास, हास्य और तीखे व्यंग्य के माध्यम से अंग्रेजों की कूटनीति और भारत में उनके सत्ता विस्तार की कहानी को जीवंत किया गया।
भगवती चरण वर्मा की प्रसिद्ध कहानी पर आधारित इस नाटक का नाट्य रूपांतरण राजेश कुमार ने किया, जबकि परिकल्पना एवं निर्देशन सादात भारती का रहा। नाटक में मुगल बादशाह शाहजहां के शासनकाल की एक घटना के माध्यम से दिखाया गया कि किस तरह व्यापार करने आए अंग्रेज धीरे-धीरे अपनी कूटनीति के बल पर देश की सत्ता पर काबिज हो गए।
कहानी के अनुसार, शाहजहां की पुत्री के उपचार के लिए एक विदेशी डॉक्टर दरबार पहुंचता है। उपचार सफल होने पर प्रसन्न बादशाह उसे मनचाहा इनाम मांगने को कहते हैं। डॉक्टर व्यापार और दवाओं के प्रचार के लिए अपने तंबू के नीचे आने जितनी जमीन मांगता है। बादशाह सहजता से इसकी अनुमति दे देते हैं। यही छोटा-सा निर्णय आगे चलकर विदेशी व्यापारियों के सत्ता विस्तार का रास्ता बनता है।
नाटक में हास्य और व्यंग्य के माध्यम से अंग्रेजों के व्यापारिक हथकंडों और कूटनीति पर करारा प्रहार किया गया। साथ ही वर्तमान समय की विदेशी बाजार व्यवस्था, उपभोक्तावादी संस्कृति और उत्पादों के प्रचार के लिए अपनाए जाने वाले भ्रामक एवं अशोभनीय तरीकों पर भी सवाल उठाए गए। प्रस्तुति ने दर्शकों को अपनी सांस्कृतिक पहचान और बाजार के प्रभावों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
मंच सज्जा में रंगीन पर्दों का रचनात्मक प्रयोग आकर्षण का केंद्र रहा। प्रकाश संयोजन और संगीत ने दृश्यों को प्रभावशाली बनाया। मंच पर शिवम रजक ने अभिनय किया। मंच व्यवस्था एवं वेशभूषा सतीश अहिरवार ने संभाली। संगीत विकास सिरमोलिया का रहा तथा संगीत संचालन गणेश माथुर ने किया। ताल वाद्य पर आकाश तिवारी ने संगत दी। प्रकाश परिकल्पना कमलेश सेन, मंच सामग्री अनुज मिश्रा, क्राफ्ट वर्क रोजलीन शाह और रूप सज्जा आदित्य गोस्वामी ने की। गायक वृंद में गणेश, आदित्य एवं आकाश शामिल रहे। सहायक निर्देशन की जिम्मेदारी शिवानी अहिरवार ने निभाई।
एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसाइटी की यह प्रस्तुति ऐतिहासिक घटनाओं को वर्तमान सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों से जोड़ने का सार्थक प्रयास रही। अभिनय, संगीत, प्रकाश और मंच सज्जा के बेहतरीन तालमेल ने नाटक को प्रभावशाली रंगमंचीय अनुभव बना दिया।













