कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात आग में जल गई 6 जिंदगियां, बंगले में सोते रहे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक,दमकल वाहनों की बदहाल व्यवस्था ने खड़े किए गंभीर सवाल, नौ घंटे बाद घटनास्थल पहुंचे कलेक्टर, आक्रोशित लोगों से मांगी माफी

Screenshot 20261109 123259 WhatsApp

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात आग में जल गई 6 जिंदगियां, बंगले में सोते रहे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक,दमकल वाहनों की बदहाल व्यवस्था ने खड़े किए गंभीर सवाल, नौ घंटे बाद घटनास्थल पहुंचे कलेक्टर, आक्रोशित लोगों से मांगी माफ

कटनी (YASHBHARAT.COM)। दीपावली का पर्व जहां पूरे देश में खुशियों और रोशनी के साथ मनाया जा रहा था, वहीं कटनी जिले के बरही में एक ऐसा हृदयविदारक अग्निकांड हुआ, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। आधी रात लगी भीषण आग ने एक ही परिवार की छह जिंदगियां छीन लीं। मरने वालों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। इनमें महज दो माह का एक मासूम भी था, जिसने अपनी मां की गोद में ही दम तोड़ दिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद अब प्रशासनिक व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब बरही में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष चल रहा था, तब जिले के जिम्मेदार अधिकारी समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी तथा प्रशासनिक सक्रियता को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई।

 

आधी रात क्रॉकरी दुकान में भड़की आग

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरही निवासी पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में दीपावली की रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। दुकान के ऊपर तीन मंजिला आवासीय भवन बना हुआ था। आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। आग और धुएं के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

इसे भी पढ़ें-  9 नवंबर को पावनधाम में होगा भव्य दीपदान एवं गंगा आरती कार्यक्रम श्रीराम सेवा समिति की बैठक में सुनील उपाध्याय को कार्यक्रम अध्यक्ष और राजेंद्र मुनीम अग्रवाल को सचिव की जिम्मेदारी

 

एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत

 

इस भीषण अग्निकांड में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और महज दो माह के मासूम की मौत हो गई। परिवार के दो सदस्य किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे।

 

दमकल वाहनों की खराबी ने बढ़ाई मुश्किलें

 

हादसे के दौरान बरही नगर परिषद का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी होने के कारण आग बुझाने में परेशानी आई। इसके बाद विजयराघवगढ़ से पहुंचे दमकल वाहन की पाइप में भी खराबी की बात सामने आई। बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। आग बुझाने और इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए रातभर प्रयास चलते रहे। सुबह जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

 

नौ घंटे बाद घटनास्थल पहुंचे कलेक्टर, मांगी माफी

 

इस घटना का सबसे चिंताजनक पहलू प्रशासनिक प्रतिक्रिया को लेकर सामने आया। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद काफी देर तक वरिष्ठ अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी नहीं दिखाई दी। सूत्रों के मुताबिक घटना के करीब नौ घंटे बाद कलेक्टर आशीष तिवारी घटनास्थल पहुंचे। वहां आक्रोशित लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था और दमकल विभाग की बदहाली पर सवाल उठाए। कलेक्टर ने लोगों से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं बनने देने का आश्वासन दिया। उन्होंने दमकल कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए नागपुर भेजने, फायर ब्रिगेड व्यवस्था दुरुस्त करने और घटना में जिम्मेदारी तय करने की बात भी कही।

इसे भी पढ़ें-  माफिया राज और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ जिला कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 

किसकी जिम्मेदारी तय होगी?

 

बरही की इस हृदयविदारक घटना ने जिले की आपदा प्रबंधन व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सवाल यह है कि यदि दमकल वाहनों की पाइपें दुरुस्त होतीं और अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रहती, तो क्या बचाव कार्य अधिक प्रभावी हो सकता था? आखिर दीपावली जैसे बड़े पर्व पर अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों का जिम्मा किसका था?

छह लोगों की मौत के बाद अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने की जरूरत है। बरही की जनता जानना चाहती है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होगी?

इस हादसे ने छह जिंदगियां छीनने के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था पर भी कई गंभीर सवाल छोड़ दिए हैं।