लोडिंग वाहन में 25 सवारियां बैठाकर ले जा रहा था चालक, यातायात पुलिस ने वाहन किया जप्त,महिला, पुरुष और बच्चों की जान जोखिम में डालकर हो रहा था सफर, चालक को न्यायालय में किया जाएगा पेश

IMG 20261114 WA0060

 

लोडिंग वाहन में 25 सवारियां बैठाकर ले जा रहा था चालक, यातायात पुलिस ने वाहन किया जप्त,महिला, पुरुष और बच्चों की जान जोखिम में डालकर हो रहा था सफर, चालक को न्यायालय में किया जाएगा पे

कटनी। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मिशन चौक से अहिंसा तिराहा की ओर जा रहे एक लोडिंग वाहन में महिला, पुरुष और बच्चों सहित 25 लोगों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान इस गंभीर लापरवाही का खुलासा होने पर यातायात पुलिस ने वाहन को जप्त कर लिया। चालक को प्रकरण सहित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय/यातायात रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 नवंबर को मिशन चौक से अहिंसा तिराहा की ओर जा रहे लोडिंग वाहन क्रमांक MP 21 G 2683 की जांच की गई। वाहन में माल परिवहन के स्थान पर 25 लोगों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे। लोडिंग वाहन में इस तरह यात्रियों को ले जाना उनकी सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने वाहन जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शशि भूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनूप सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह तथा आरक्षक राजकुमार झारिया एवं सुनील अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसे भी पढ़ें-  ब्यौहारी के बदरचुआ प्राथमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत; प्रशासन और शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा उपचार

यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि लोडिंग वाहनों का उपयोग केवल माल परिवहन के लिए करें। इनमें सवारियां बैठाकर यात्रा न करें। यात्रा के लिए यात्री परिवहन हेतु निर्धारित वाहनों का ही उपयोग करें तथा वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। पुलिस ने वाहन मालिकों को भी चेतावनी दी है कि अधिक कमाई अथवा किराया बचाने के लिए यात्रियों की जिंदगी खतरे में न डालें।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।