कटनी। ( राजा दुबे) Exam Time कटनी जिले में कुल 94 परीक्षा केंद्रों में से 6 केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है उनमें शासकीय संदीपनी मॉडल हायर सेकेंडरी कटनी,संदीपनी मॉडल हायर सेकेंडरी रीठी, संदीपनी मॉडल हायर सेकेंडरी बड़वारा, संदीपनी मॉडल हायर सेकेंडरी बहोरीबंद, मॉडल हायर सेकेंडरी बड़वारा एवं मॉडल हायर सेकेंडरी ढीमरखेड़ा शामिल है।
इसी प्रकार जिन अशासकीय शालाओं को परीक्षा केंद्र बनाया गया है उनमें सरस्वती स्कूल एवं नालंदा स्कूल तथा जिन अनुदान प्राप्त अशासकीय शालाओं को केंद्र बनाया गया है उनमें कुन्दनदास, बॉर्डसले, तिलक राष्ट्रीय एवं कैमोर हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल है।
पेपर लीक रोकने वीडियोग्राफी से लेकर ट्रैकिंग तक के इंतजाम,94 परीक्षा केंद्रों में होगी 10 वीं- 12वीं की बोर्ड परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित की जाने वाली हाइ स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की बोर्ड परीक्षाएं इस बार फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही प्रारंभ हो रहीं। हायर सेकेंडरी कक्षा 12 वीं का पहला पर्चा 10 फरवरी को होगा वही दो दिन बाद 13 फरवरी से हाइ स्कूल कक्षा 10 वीं का पहला पर्चा होगा। बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गये हैं। वैसे तो अधिकांश परीक्षा केंद्र शासकीय विद्यालयों में ही स्थापित किये गए है पर चार अनुदान प्राप्त अशासकीय शालाओं और दो अशासकीय शालाओं को भी केंद्र बनाया गया है। इस बार 10 वीं के कुल 14887 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे जिनमेँ 13783 नियमित और 804 परीक्षार्थी स्वाध्यायी है। 12 वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 12187 परीक्षार्थी होंगे जिनमें 114483 नियमित और 724 स्वाध्यायी होंगे। 10 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां अंतिम दौर में है। इन दिनों परीक्षा केंद्रों में सभी आवश्यक इंतज़ाम किये जा रहे। उक्ताशय की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरि द्वारा प्रदान की गई।
थानों में होगी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी
बताया गया कि पिछली बार की तरह इस बार भी थानों से प्रश्नपत्रों के सील बंडल केंद्राध्यक्ष अथवा सहायक केंद्राध्यक्ष के बजाए कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधियों के हवाले किये जायेंगे। कलेक्टर के ये प्रतिनिधि केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष को लेकर सुबह 6 बजे सम्बन्धित थानों में उपस्थित होंगे जहां थाना प्रभारी इन्हें सीलबंद बंडल सौंपेगे। प्रतिनिधि बंडल और सील की बारीकी से जांच करेंगे। इस दौरान फोटोग्राफी के अलावा वीडियोग्राफी भी होगी। थानों से पेपर के पैकेट लेकर प्रतिनिधि केंद्राध्यक्ष के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे जहां केंद्राध्यक्ष को प्रश्नपत्रों के पैकेट दिए जाएंगे। एक पैकेट में कुल 20 प्रश्नपत्र होंगे। परीक्षा कक्ष में 20 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था ही की गई है। केंद्राध्यक्ष 10 मिनट तक पैकेट की जांच और प्रश्नपत्रों की गिनती कर सकेंगे। प्रतिनिधि द्वारा थाने से प्रश्नपत्रों के बंडल लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग पर रुट ट्रेकिंग भी की जाएगी। केंद्रों में पेपर शुरू होने के एक घण्टे बाद तक प्रतिनिधियों को केंद्र में ही उपस्थिति देनी होगी।
सीसीटीवी कैमरे से परीक्षार्थियों पर रहेगी नज़र
परीक्षा केंद्रों में परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी नकल अथवा किसी अनुचित साधन का उपयोग न कर सकें इसके लिए अधिकांश केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है जो केंद्रों की हर गतिविधियों पर नज़र रखेंगे। परीक्षा में ड्यूटी करने वाले पर्यवेक्षकों की रेंडम सूची जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा तैयार कर खन्ड अधिकारियों को दी गई है। इसी सूची के आधार पर पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा ब्लाक एवं जिला स्तर पर गठित उड़नदस्ते भी गठित किये गए है। कलेक्टर,एस डी एम,तहसीलदार स्तर के राजस्व अधिकारी परीक्षा संचालन पर नज़र रखेंगे।
