Site icon Yashbharat.com

महापौर  ने निर्माणाधीन शाला भवन का अधिकारियों के साथ किया विस्तृत निरीक्षण,आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से सजेगा ए. रविन्द्र राव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,छात्रों को मिलेगी बेहतर शिक्षा सुविधाएँ — महापौर

IMG 20260210 WA0098

महापौर  ने निर्माणाधीन शाला भवन का अधिकारियों के साथ किया विस्तृत निरीक्षण,आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से सजेगा ए. रविन्द्र राव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,छात्रों को मिलेगी बेहतर शिक्षा सुविधाएँ — महापौ

कटनी — नगर निगम प्रशासन द्वारा निगम स्वामित्व के विद्यालयों सहित नगर के शासकीय स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं विद्यार्थियों को आधुनिक, तकनीक आधारित पठन-पाठन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ए. रविन्द्र राव उच्चतर माध्यमिक शाला में 1 करोड़ 92 लाख रुपये से अधिक की लागत से सर्वसुविधायुक्त जी+2 (प्लस टू) स्कूल भवन का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोगिता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार 10 फरवरी को मेयर इन काउंसिल सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में निर्माणाधीन शाला भवन का विस्तृत निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्वश्री सुभाष शिब्बू साहू, जयनारायण निषाद, बीना बैनर्जी, उमेंद्र अहिरवार, पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री संजय मिश्रा तथा विद्यालय के प्राचार्य मनोज चौधरी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

महापौर ने आगे कहा कि विद्यार्थियों को कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का उनका संकल्प शीघ्र साकार होगा। उन्होंने बताया कि शाला भवन के पूर्ण होने के बाद विद्यालय में कक्षाओं की संख्या में वृद्धि होगी तथा विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक पुस्तकालय, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, सुरक्षित पेयजल व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और खेलकूद की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

महापौर ने स्पष्ट किया कि यह जी+2 स्तर का भवन होगा, जिससे उच्च माध्यमिक स्तर पर अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इससे न केवल विद्यालय का शैक्षणिक स्तर ऊँचा उठेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे और उनके सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा।शिक्षा के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा और आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों के शैक्षणिक तथा सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

Exit mobile version