कुएं में मिली तीन दिन से लापता किशोरी की लाश, ईद के दिन खलवारा बाजार निवासी मुस्लिम परिवार में पसरा मातम

कैमोर। कैमोर थाना क्षेत्र स्थित खलवारा बाजार शुक्ला मोहल्ला पुराने भुवनेश्वरी स्कूल के समीप एक कुएं में आज दोपहर एक 16 वर्षीय किशोरी की लाश बरामद की गई है। किशोरी के माता – पिता मैहर में रहते हैं। किशोरी पिछले कुछ समय से अपने नाना नानी के खलवारा बाज़ार स्थित घर में रह रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुस्लिम परिवार की यह किशोरी पिछले तीन दिनों से लापता थी। रमज़ान माह के सिलसिले में परिवार के लोग रोजे रखते थे। दो दिन पहले जब सेहरी की तैयारी के लोग देर रात उठे तो किशोरी घर पर नहीं थी। घर और मोहल्ले में कई जगह तलाश के बाद किशोरी कहीं नहीं मिली। तलाश में निराश हो जाने के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पिछले दो तीन दिनों में परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों के यहां भी पता किया पर लापता किशोरी का कहीं पता नहीं चला। आज खलवारा बाजार निवासी एक शुक्ला परिवार के पुराने कुएं में किशोरी का शव देखा गया।

कुएं में किसी लड़की का शव देखे जाने की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। नगर परिषद के सहयोग से शव बाहर निकाले जाने के प्रयास किये जा रहे। किशोरी घर से क्यों लापता हुई,उसने यह आत्मघाती कदम खुद उठाया या किसी वारदात का शिकार हुई इन सवालों के जवाब अभी नहीं मिल पाए। बहरहाल ईद के त्योहार के दिन मुस्लिम परिवार मे घटी इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। किशोरी की संदिग्ध मौत से जुड़े सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

Exit mobile version