Coronavirus India News : देश में कोरोना संकट अब काबू में आता नज़र आ रहा है। ताजा आंकड़े राहत भरी सूचना दे रहे हैं। नए मामलों में लगातार कमी आ रही है और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। देश के अन्य राज्यों में कुल मिलाकर नए मामलों में कमी आ रही है या लगभग स्थिरता बनी हुई है। महामारी से सबसे बुरी तरह से प्रभावित महाराष्ट्र में भी हालात स्थिर नजर आने लगे हैं। नए मामलों में थोड़ा बहुत उतार-चढ़ाव हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक करीब दो हफ्तों से प्रतिदिन मरने वालों का आंकड़ा भी हजार से नीचे बना हुआ है और सक्रिय मामलों में भी लगातार गिरावट आ रही है। मार्च के बाद कोरोना महामारी के चलते मृत्युदर सबसे कम हो गई है। शुक्रवार को 11,447 नए केस मिले और कुल संक्रमितों की संख्या 15.76 लाख हो गई। राज्य में 306 और लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 63,371 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 73.70 लाख हो गई है। लेकिन अच्छी बात यह है कि इनमें से अब तक 64.53 लाख लोग पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं और सक्रिय मामलों की संख्या 8.04 लाख रह गई है, जो कुल मामलों का 10.92 फीसद है। इस दौरान 895 और मरीजों की मौत हुई है और कुल मृतकों की संख्या 1.12 लाख हो गई है। चार अक्टूबर से प्रतिदिन मरने वालों की संख्या भी हजार से नीचे बनी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां कोरोना महामारी के चलते सबसे कम मौतें हो रही हैं। अपने यहां प्रति 10 लाख आबादी पर मौतों का आंकड़ा 81 है। जबकि, वैश्विक औसत 141.7 मौतों का है। ब्राजील में यह संख्या 716 और अमेरिका में 672 है। मंत्रालय के मुताबिक 22 मार्च के बाद देश में महामारी से मृत्युदर सबसे कम स्तर पर पहुंच गई है। 22 मार्च के बाद मृत्युदर सबसे कम 1.52 फीसद पर आ गई है। वहीं, मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 87.56 प्रतिशत हो गई है।

