सीएम डॉ. मोहन यादव ने विधायक संजय पाठक की जनसेवा और विकास कार्यों की खुलकर सराहना की, बोले — “ऐसा स्वागत मिला तो महीने-दो महीने में फिर आऊंगा विजयराघवगढ़”

कटनी/बरही। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही में आयोजित किसान सम्मेलन, कृषि महोत्सव और आभार यात्रा में शामिल होने पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अभूतपूर्व जनसमूह और भव्य स्वागत से अभिभूत नजर आए।

लगभग एक किलोमीटर लंबे रोड-शो, रास्ते भर हुई पुष्पवर्षा और सभा स्थल पर दो लाख से अधिक किसानों व आमजन की उपस्थिति ने मुख्यमंत्री को भावुक कर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की कार्यकुशलता, जनसेवा और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की खुलकर प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरही में आयोजित इतना विशाल और सुव्यवस्थित कार्यक्रम अपने आप में उदाहरण है और इसका श्रेय विधायक संजय पाठक के सतत परिश्रम, संगठन क्षमता और जनता से उनके आत्मीय संबंधों को जाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से क्षेत्र में सड़कों, सिंचाई, जल संरक्षण, शिक्षा और सांस्कृतिक विकास के कार्य लगातार हो रहे हैं, वह बताता है कि विधायक अपने क्षेत्र की जरूरतों को लेकर कितने सजग हैं। डॉ. मोहन यादव ने मंच से कहा कि आज यहां जो जनसैलाब दिखाई दे रहा है, वह किसी सामान्य कार्यक्रम का नहीं बल्कि जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि “इतना आत्मीय स्वागत और इतना प्रेम देखकर लगता है कि मुझे महीने-दो महीने में फिर विजयराघवगढ़ की इस ऐतिहासिक धरती पर आना पड़ेगा।”

विधायक की मांगों को स्वीकार कर खोला सौगातों का पिटारा

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान विधायक संजय पाठक द्वारा सौंपे गए मांग-पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े अधिकांश प्रस्तावों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है और आने वाले समय में विजयराघवगढ़ विधानसभा में विकास कार्यों की नई श्रृंखला शुरू होगी। उन्होंने कहा कि जनता के हित से जुड़ा कोई भी काम लंबित नहीं रहेगा और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र के विकास में सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने विजयराघवगढ़ के लिए सड़कों, सिंचाई परियोजनाओं, जलाशयों के जीर्णोद्धार, नहरों की लाइनिंग, ऑडिटोरियम निर्माण, खेल सुविधाओं तथा अन्य विकास कार्यों की घोषणाएं करते हुए कहा कि यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल होगा।

विजयनाथ धाम की तुलना महाकाल से, लगे जयकारे

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बरही स्थित श्री विजयनाथ धाम का उल्लेख करते हुए उसकी तुलना उज्जैन के महाकाल से की और कहा कि यह क्षेत्र आस्था, परंपरा और संस्कृति की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने मंच से “हर हर महादेव” और “जय माता शारदा” के जयकारे लगवाए, जिसमें पूरा सभास्थल गूंज उठा।

आत्मीयता भरे अंदाज में दिया लंबा समय

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपेक्षा से अधिक समय दिया और पूरे धैर्य के साथ लोगों से संवाद किया। उन्होंने अपने भाषण में कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई और क्षेत्र की समस्याओं, योजनाओं और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से बात की। सभा के बाद भी मुख्यमंत्री ने कई जनप्रतिनिधियों, किसानों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जिससे लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।

जनसैलाब ने बनाया यादगार कार्यक्रम

बरही में निकली आभार यात्रा, बाजार क्षेत्र में हुआ स्वागत, किसानों की भारी उपस्थिति और विकास घोषणाओं की श्रृंखला ने इस कार्यक्रम को विजयराघवगढ़ विधानसभा के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल कर दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री द्वारा विधायक संजय पाठक की खुले मंच से की गई सराहना ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है।

Exit mobile version