स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांच, 40 वाहनों का हुआ सत्यापन,विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, दस्तावेजों के साथ सुरक्षा इंतजाम भी परखे

स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांच, 40 वाहनों का हुआ सत्यापन,विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, दस्तावेजों के साथ सुरक्षा इंतजाम भी परख

कटनी -विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में हाल ही में हुए सड़क हादसे को ध्यान में रखते हुए विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने रविवार को स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत क्षेत्र के निजी एवं अर्द्धशासकीय स्कूलों में संचालित वाहनों को थाना परिसर में बुलाकर उनके दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।

पुलिस ने स्कूली वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही वाहन चालकों का थाना स्तर पर आपराधिक रिकॉर्ड भी सत्यापित कर उसका रजिस्टर में इंद्राज किया गया। वाहनों का भौतिक सत्यापन करते हुए दरवाजों की स्थिति, बच्चों के बैठने की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों को भी परखा गया।

थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि अवकाश के दिनों में विशेष अभियान चलाने का उद्देश्य यह है कि स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों को स्कूल संचालन के समय अनावश्यक रूप से नहीं रोकना पड़े और उनकी जांच भी सुनिश्चित हो सके। अभियान के दौरान करीब 40 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है। यह कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहेगी।

जांच के दौरान पुलिस ने स्कूल संचालकों, वाहन स्वामियों और चालकों को शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों एवं यातायात नियमों की जानकारी दी। वाहन स्वामियों को सभी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा बच्चों के वाहन में सवार होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version