By Election in MP: भोपाल। (राज्य ब्यूरो)। प्रदेश सरकार ने उपचुनाव वाले क्षेत्र निवाड़ी और बुरहानपुर में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना की है। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आपत्ति उठाते हुए आदेश को निरस्त करने की मांग की है।
प्रदेश सरकार ने होशंगाबाद में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक आशुतोष पटेल को एसडीओपी निवाड़ी और कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक इंदौर बृजेश कुमार श्रीवास्तव को नगर पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर पदस्थ किया है।
इसके साथ ही एसडीओपी आगर ज्योति उमठ को एसडीओपी कन्नौद बनाया है। गृह विभाग ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के निर्देश के आधार पर उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना की है।
उधर, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जेपी धनोपिया ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में शिकायत की है कि सरकार चुनाव की निष्पक्षता को प्रभावित करना चाहती है इसलिए आचार संहिता लागू होने के बाद भी निर्वाचन क्षेत्रों में पदस्थापनाएं की जा रही हैं। जिन अधिकारियों ने खंडवा संसदीय क्षेत्र और पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और स्थानांतरण आदेश को निरस्त किया जाए।

