भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई का शव कुएं से मिला, संदिग्ध हालात में मौत से गांव में शोक
भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई का शव कुएं से मिला, संदिग्ध हालात में मौत से गांव में शोक। भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई विश्वनाथ पाटिल (बाड़ू) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बुधवार सुबह उनका शव बोहरडा स्थित घर के पास खेत में बने कुएं से बरामद किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में लोग उनके निवास पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ पाटिल मंगलवार से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह जब खेत में मजदूर पहुंचे तो उन्हें कुएं में शव दिखाई दिया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

