बाबा साहब का जीवन हमें सामाजिक समरसता, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश देता है: दीपक टण्डन,अम्बेडकर पार्क एनकेजे में भाजपजनों ने मनाई संविधान शिल्पी की जन्म जयंत
कटनी। संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा कटनी के न्यू कटनी स्थित अंबेडकर पार्क (एसकेपी कॉलोनी) में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अंबेडकर जी की जयंती की पूर्व संध्या पर पार्क में भाजपजनों ने स्वच्छता अभियान भी चलाया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन ने अपने वक्तव्य में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने न केवल भारत का संविधान रचकर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया, बल्कि उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, समानता और अधिकार पहुंचाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें सामाजिक समरसता, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश देता है।
श्री टंडन ने आगे कहा कि आज का भारत बाबा साहब के सपनों का भारत बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों को आत्मसात करते हुए गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज में समानता व भाईचारे को मजबूत करें।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री श्री सुखदेव चौधरी, उपाध्यक्ष रवि खरे, सुश्री अंकिता तिवारी, जिला मंत्री मनीष दुबे, मंडल अध्यक्ष कौशलेश मिश्रा, सुरेश सोनी, शिवकुमार चौधरी, आशुतोष विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में बाबा साहब के योगदान को स्मरण करते हुए किया गया।

