कटनी जिले की प्रशासनिक खबरें:=कटनी के औद्योगिक क्षेत्र के विद्युत नेटवर्क को मिली नई सुदृढ़ता, 33 केव्‍ही के 6 फीडर एवं 11 केव्‍ही के 4 फीडर प्रारंभ कर औद्योगिक एवं घरेलू उपभोक्‍ताओं को प्रदाय की जा रही बिजली

समाचार=1

 

कटनी जिले की प्रशासनिक खबरें:=कटनी के औद्योगिक क्षेत्र के विद्युत नेटवर्क को मिली नई सुदृढ़ता, 33 केव्‍ही के 6 फीडर एवं 11 केव्‍ही के 4 फीडर प्रारंभ कर औद्योगिक एवं घरेलू उपभोक्‍ताओं को प्रदाय की जा रही बिजली

कटनी (YASH BHARAT.COM)। एमपीईबी के डीई सिटी मुकेश महोबे ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र अमकुही, बरगवां, लमतरा एवं माधवनगर सहित शहर के अन्‍य उपभोक्‍ताओं को सतत एवं गुणवत्‍तापूर्ण विद्युत आपूर्ति हेतु फीडर प्रारंभ किये गये हैं। इससे पुराने विद्युत उपकेन्‍द्रों पर ओवरलोडिंग की समस्‍या का निदान हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र अमकुही में लगभग 110 नं. उद्योग स्थापित है। जिसमें मात्र 1 नं. 11KV फीडर से विद्युत की आपूर्ति की जा रही थी। औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिदिन 3 से 4 ट्रिपिंग रहती थी, जिसके निदान के लिए अमकुही उपकेन्द्र से 1 के स्थान पर 2 नं. 11KV फीडर चालू कराये गये एवं 1 नं. 33KV आउटगोईग फीडर का निर्माण कर, चालू कराया गया, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सतत प्रदान की जा रही है। साथ ही उच्च दाब उपभोक्ताओं के परिसर में फाल्ट आने के कारण शहरी क्षेत्र के गणेश चौक उपकेन्द्र में विद्युत प्रदाय किये जाने वाले लगभग 22 हजार उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति वाधित हो जाती थी, 33 के.व्ही अमकुही आउटगोइंग प्रारंभ होने से उच्चदाब उपभोक्ता के परिसर में फाल्ट आने की स्थिति में शहरी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित नही हो रही है। लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में 175 उद्योग संचालित है, जिसमें 1 नं. 33KV पुरैना फीडर से विद्युत आपूर्ति की जाती थी, जिसके फाल्ट होने या शटडाउन की स्थिति में लमतरा औद्योगिक क्षेत्र पूर्णतः अंधकारमय हो जाता था जिसके निदान के लिए 33KV चाका लाईन को लमतरा उपकेन्द्र तक चालू कराया गया है जिससे समस्त निम्दाब एवं IIKV उच्च दाब उपभोक्ताओं को निर्बाध सतत विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बरगवां औद्यौगिक क्षेत्र में उच्च दाब उपभोक्ताओं को पहरूआ 33KV फीडर से विद्युत आपूर्ति की जाती थी, जिसमें लाईन संधारण या ब्रेक डाउन की स्थिति में समस्या रहती थी, जिसके निदान के लिए 1 नं. 33KV कटायघाट आउटगोईग फीडर चालू कराया गया है, जिसमें समस्त उच्चदाब उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जा रही है, साथ ही । नं. अतिरिक्त 33KV कटायघाट द्वितीय फीडर चालू कराया गया है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र के समस्त उच्च दाब उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है, साथ ही उच्चदाब उपभोक्ता के परिसर में फाल्ट आने की स्थिति में शहरी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित नही हो रही है।औद्योगिक क्षेत्र माधवनगर के अंतर्गत शहरी क्षेत्र के माधवनगर, मित्तल इनकेल्व, समदाडिया क्षेत्र में 33 KV स्लीमनाबाद फीडर से विद्युत प्रदाय किया जा रहा था, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के उपकेन्द्र देवरी हटाई, भुडसा, खमतरा फीडर भी संचालित थे, जिससे इन क्षेत्र में फाल्ट होने के कारण शहरी क्षेत्र के माधवनगर आद्योगिक क्षेत्र में ट्रिपिंग की समस्या रहती थी। नया 33 के.व्ही मानसरोवर के संचालन से माधवनगर के समस्त आद्योगिक कनेक्शनधारी एवं 10 हजार शहरी उपभोक्ताओ के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के तीनो उपकेन्द्रों पर ओवरलोडिंग की समस्या का निदान हुआ है। विद्युत आपूर्ति बधित हो जाती थी जिसके निदान के लिए मानसरोवर फीडर संचालित किया गया है, जिसमें माधवनगर क्षेत्र के निम्नदाब औद्योगिक क्षेत्र एवं अन्य घरेलू उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल रहा है।

समाचार=2

कलेक्टर ने आदतन अपराधी को 6 माह तक पुलिस थाना में उपस्थित होने के दिए निर्देश

कटनी। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी ने काली मंदिर के पीछे फारेस्‍टर वार्ड थाना रंगनाथ कटनी निवासी आदेश राव पिता रमेश राव उम्र 28 वर्ष के विरूद्ध मध्‍यप्रदेश राज्‍य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए आगामी 6 माह की अवधि तक प्रतिमाह की 1 और 16 तारीख को पुलिस थाना रंगनाथ में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक से प्राप्‍त प्रतिवेदन के आधार पर की है। आदेश राव के विरूद्ध अब तक कुल 10 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है। जिनमें आमजन के साथ रास्‍ता रोककर गंदी गालियां देकर मारपीट करना, अवैध देशी कट्टा रखना, चाकू रखना, अवैध वसूली जैसे अपराध शामिल है। पुलिस द्वारा आदेश राव के विरूद्ध कई बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। परंतु, आदतन अपराधी के आचरण-व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। आदेश राव द्वारा आपराधिक गतिविधियां निरंतर जारी रखने, आम जन के लिए आतंक का पर्याय बनने के कारण क्षेत्र में शांति एवं सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर पड़नें वाले प्रतिकूल प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री तिवारी ने मध्‍यप्रदेश राज्‍य सुरक्षा अधिनियम के तहत आदतन अपराधी के प्रवृत्ति पर नियंत्रण लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए आगामी 6 माह तक पुलिस थाना रंगनाथ में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

समाचार=3

समर्थन मूल्‍य पर उपार्जित धान के लिये कृषकों को हुआ 985 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

कटनी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में समर्थन मूल्य पर हुये धान उपार्जन के लिये कृषकों को अब तक 985.65 करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है। 1 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 20 जनवरी तक हुये उपार्जन में कुल चलने वाले कुल 58 हजार 875 कृषकों से कुल 4 लाख 94 हजार 46 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। जो पिछले वर्ष हुई खरीदी से 19.96 फीसदी ज्‍यादा है।

धान उपार्जन में बहोरीबंद अग्रणी

जिले में समर्थन मूल्य पर हुए धान उपार्जन के मामले में तहसील बहोरीबंद अग्रणी रही। यहां कुल 12156 किसानों से 1 लाख 3 हजार 372 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई। जबकि दूसरे नंबर पर तहसील ढ़ीमरखेड़ा में 10054 किसानों से 72 हजार 941 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर खरीदी गई। इसी प्रकार रीठी तहसील में 7435 कृषकों से 70 हजार 641 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई। जबकि विजयराघवगढ़ तहसील में अब तक 6801 किसानों से 56 हजार 330 मीट्रिक टन धान खरीदी गई। बड़वारा तहसील में 7490 किसानों से 55 हजार 102 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई। वहीं बरही तहसील में 6030 किसानों से 52 हजार 542 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई। इसके अलावा स्लीमनाबाद तहसील में 4117 किसानों से 37 हजार 505 मीट्रिक टन, कटनी नगर तहसील में 2646 किसानों से 27 हजार 684 मीट्रिक टन और कटनी ग्रामीण तहसील में 2146 किसानों से 17 हजार 929 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।

समाचार=4

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 3 गंभीर रोगियों को स्वीकृत हुए 90 हजार रुपये

कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से जिले के 3 गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों के उपचार के लिए 90 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पाण्‍डेय की अनुशंसा पर ग्राम झिन्‍ना पिपरिया निवासी अवनीश मिश्रा पिता सीताराम मिश्रा एवं सिलौड़ी निवासी मीनाक्षी पति अमित राय के उपचार हेतु 30-30 हजार रूपये की राशि स्‍वेच्‍छानुदान मद से मुख्‍यमंत्री द्वारा स्‍वीकृत की गई है। इसी प्रकार विजयराघवगढ़ विधायक श्री संजय सत्‍येन्द्र पाठक की अनुशंसा पर वार्ड क्रमांक 5 विजयराघवगढ़ निवासी राजेन्‍द्र गुप्‍ता द्वारका गुप्‍ता की गंभीर बीमारी के उपचार हेतु 30 हजार रुपये की राशि स्वेच्छानुदान मद से मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत की गई है।

समाचार=5

विद्यालय चला अब घर की ओर अभियान चलाकर घर जाकर बच्‍चों को पढ़ा रहे नैगवां के शिक्षक

कटनी। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर रिजल्ट और सक्सेस 3.0 की सफलता के लिए विकासखंड रीठी के आदिवासी अंचल में बसे शासकीय उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय नैगवां के शिक्षकों ने ‘विद्यालय चला अब घर की ओर’ अभियान की शुरूआत की है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विपिन तिवारी ने बताया कि वर्तमान में सरसों (लाहा) की कटाई के सीजन की वजह से अधिकतर छात्र-छात्रायें शाला नहीं आ रहे हैं और खेतों में कटाई कार्य में अपने माता-पिता की मदद कर रहें हैं। छात्रों की पढ़ाई का नुकसान न हो इसके लिये हमनें कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में एक अभिनव पहल करते हुए यह तय किया की शाला समय में अनुपस्थित रहने वाले छात्रों के घर जाकर ही हम विद्यालय लगाएंगे। ताकि प्रतिदिन का सक्सेस 3.0 के साथ उसे हम परीक्षा की तैयारी करा सके। साथ ही छात्र-छात्रा के साथ हम उसके माता-पिता से भी बच्चे को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हमारा यह अभियान परीक्षा समाप्ति तक जारी रहेगा।

समाचार=6

शुद्ध जलापूर्ति की दिशा में नगर निगम कटनी के सतत प्रयास, नागरिकों से संवाद कर 970 जल नमूनों की जांच, 26 ओवरहेड टैंक व संपवेल की सफाई के साथ 334 लीकेज एवं 43 ट्यूबवेल का कराया गया सुधार कार्य

कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर रहते हुए जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहा है। नगर निगम द्वारा प्रतिदिन विभिन्न वार्डों में नागरिकों से संवाद स्थापित कर जल नमूनों का संग्रहण, पेयजल स्रोतों की सफाई तथा पाइप लाइनों में लीकेज सुधार जैसे कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं, जिससे शहरवासियों को निर्बाध शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

 970 जल नमूनों की जांच

सहायक यंत्री श्री सुधीर मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जल प्रदाय शाखा की संयुक्त टीमों द्वारा शहर के विभिन्न ओवरहेड टैंकों, ट्यूबवेलों, पानी की टंकियों एवं अंतिम छोर के घरों से अब तक लगभग 970 जल नमूनों का संग्रह कर प्रयोगशाला में गुणवत्ता परीक्षण कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कहीं भी जल की गुणवत्ता में संदेह पाए जाने पर तत्काल संबंधित क्षेत्र की जलापूर्ति रोककर आवश्यक सुधार कार्य कराया गया। जल विभाग की टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर कार्य कर रही हैं।

व्यापक स्तर पर शुद्ध जल आपूर्ति के कार्य

कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा शुद्ध पेयजल आपूर्ति हेतु व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। विभिन्न वार्डों में पाइप लाइनों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार सुधार कराया जा रहा है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहाँ से गंदे पानी अथवा लीकेज की शिकायतें प्राप्त हुई थीं।इस दौरान नगर के 26 ओवरहेड टैंकों एवं संपवेल की सफाई कराई गई, साथ ही 43 ट्यूबवेल का सुधार कार्य पूर्ण किया गया। वहीं लीकेज से संबंधित प्राप्त 334 शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया गया।

नागरिकों से सहयोग की अपील

कार्यपालन यंत्री श्री मिश्रा ने बताया कि आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी लीकेज या गंदे पानी की समस्या दिखाई दे, तो तत्काल नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 9351136230 पर सूचना दें, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।

समाचार=7

 सलैया सिहोरा में किया गया मतदाता जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन, मेरा पहला वोट देश के लिए अभियान अंतर्गत रैली एवं नारों के माध्यम से आगामी चुनावों में शत प्रतिशत मतदान के लिए किया गया जागरूक

कटनी। शासकीय महाविद्यालय बरही में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर प्राचार्य डॉ. आर. के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह, प्रियंका तोमर एवं डॉ. रश्मि त्रिपाठी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सलैया सिहोरा में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें मेरा पहला वोट देश के लिए एवं मतदाता जागरुकता अभियान के अंतर्गत गांव में जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो, मेरा पहला वोट, देश के लिए, अंकल आंटी मान जाओ, वोट डालने की कसम खाओ, बड़े बूढ़े हो या जवान, सभी करे अपना मतदान, जो बाटे दारू नोट, उनको कभी न देना वोट आदि नारों के उदघोष, नारा लेखन के माध्यम से ग्रामीण जनों को आगामी समस्त चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित एवं जागरूक किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवा, भावी एवं अन्य सभी मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ लोकतंत्र में मतदान का महत्व बताना है। साथ ही आगामी चुनावों में मतदान दिवस को मतदान केंद्रों में जाकर अधिक से अधिक मतदान स्वयं करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना है साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन करवाने और नाम हटवाने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म 6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन कर सकते है, नाम या किसी अन्य जानकारी को बदलने या स्थान में परिवर्तन कराने के लिए जरूरी फॉर्म 7 एवं 8 के संबंध में आवश्यक जानकारी से अवगत कराया तथा बताया कि मतदाता सूची में संबंधित सभी कार्यों की अधिक से अधिक जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा जारी टोल फ्री नम्बर 1950, वोटर हेल्प लाइन ऐप या संबंधित बी. यल. ओ. से सम्पर्क कर प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में दीपक मिश्रा, पुष्पलता विश्वकर्मा, शंकर सिंह, गणेश प्रजापति तथा स्टाफ के अन्य सदस्य, स्वयंसेवक एवं ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, सचिव एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

समाचार=8

शासकीय तिलक महाविद्यालय में सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन, विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को किया पुरस्‍कृत

कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्‍नातकोत्‍तर महाविद्यालय कटनी में इपकों क्लब के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योत्स्ना आथ्या द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेयी ने विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही कॉलेज में उत्पादित मशरूम का वितरण भी प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों को किया गया। प्राचार्य डॉ. वाजपेयी ने विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कम लागत में अधिक लाभ देने वाला, शीघ्र उन्नति करने वाला व्यवसाय है, जो युवाओं के लिए स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बन सकता है। कार्यक्रम में डॉ. माधुरी गर्ग, डॉ. नाहिद सिद्दकी, डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी, डॉ. आर. पी. सिंह सहित वनस्पति विज्ञान विभाग के समस्त प्राध्यापकगण डॉ. ज्ञानेन्द्र मोहन श्रीवास्तव, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. शिवनंदन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शैक्षणिक एवं सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व रहा। इससे विद्यार्थियों में व्यावसायिक कौशल का विकास होगा और वे आर्थिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बन सकेंगे। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि वे केवल रोजगार प्राप्त करने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी भी बन सकते हैं।

समाचार=9

विद्यार्थियों को संरक्षित खेती पाली हाउस टपक सिंचाई एवं मल्चिंग का दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण

कटनी। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत कृषि विषय का अध्ययन कर रहे शासकीय आरके गौतम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरवारी विकासखंड ढीमरखेड़ा के विद्यार्थियों को प्राचार्य संघ रत्न भेलावे के मार्गदर्शन में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे द्वारा जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को संरक्षित खेती के अंतर्गत ऐसी फसल उत्पादन तकनीक जिसके वातावरण को सूक्ष्म आंशिक पूर्ण रूप से नियंत्रित कर अधिक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त किया जाता है की जानकारी दी गई। बताया गया कि संरक्षित खेती के मुख्य लाभ सीमित क्षेत्र से अधिक उत्पादकता भूमि एवं जल का बेहतर उपयोग नियंत्रित वातावरण में वर्ष पर्यंत उत्पादन अधिकतम लाभ हेतु बेमौसमी फसल उत्पादन संभव खुले खेतों की अपेक्षा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्रतिकूल मौसम से सुरक्षा की एवं रोग से सुरक्षा तथा जैविक खेती के मजबूत आधार की जानकारी दी गई। पाली हाउस के अंदर नियंत्रित वातावरण में पौधों को उगाया जाता है तथा उत्पादन को प्रभावित करने वाले कारक सूर्य का प्रकाश तापमान आर्द्रता आदि विभिन्न कारकों पर नियंत्रण किया जाता है। सामान्य खेत में सब्जियों का सफल एवं अधिक उत्पादन लेना संभव नहीं होता है जबकि पाली हाउस में सफलतापूर्वक लिया जा सकता है। कुछ सब्जियों को ग्रीन हाउस के अंदर साल भर उगाया जा सकता है। सब्जियां उत्तम गुणवत्ता वाली होती है। टपक सिंचाई पद्धति को ड्रिप सिंचाई भी कहते हैं। जिससे पानी बूंद-बूंद के रूप में पौधों की जड़ों में उपलब्ध होता है जल के साथ-साथ उर्वरक सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचाई जा सकते हैं इस विधि में पानी की बचत 80 से 90 प्रतिशत खरपतवार नींदा नियंत्रण नमी का संरक्षण तथा पानी देने के लिए नालियां बनाने की आवश्यकता नहीं होती जिससे श्रम की बचत होती है।प्रशिक्षण में बताया गया कि फसल की वृद्धि के साथ-साथ उच्च गुणवत्ता युक्त उत्पादन प्राप्त होता है। प्लास्टिक मल्चिंग का उपयोग जिसे आच्छादन कहते हैं। नमी के संरक्षण के लिए खरपतवार को उगने से रोकने के लिए पानी की बचत के लिए मृदा के तापमान को नियंत्रित करने के लिए पौधे के वृद्धि एवं विकास हेतु अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए जड़ के बेहतर विकास के लिए भूमि को कठोर होने से बचने के लिए तेजी से बीज अंकुरण के लिए उत्पादन बढ़ाने के लिए उत्पाद गुणवत्ता में सुधार के लिए शुष्क भूमि में खेती को प्रभावशाली बनाने के लिए कम लागत तकनीकी जीरो बजट फार्मिंग तथा अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए उपयोग किया जाता है प्रशिक्षण को संपन्न कराने में व्यावसायिक शिक्षकमहेंद्र दोहरे ने सहयोग प्रदान किया।

समाचार=10

ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत टिकरिया में ग्राम उत्सव आयोजित

कटनी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड बहोरीबंद के सेक्टर क्रमांक–4 के अंतर्गत ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के तहत ग्राम टिकरिया में मंदिर परिसर में ग्राम उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान रामायण पाठ, रक्तदान जागरूकता, नशा मुक्ति एवं स्वच्छता शपथ के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया गया। यह आयोजन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति टिकरिया के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रामायण मंडली द्वारा धार्मिक भजन एवं रामायण पाठ की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिससे ग्राम में भक्तिमय वातावरण बना। इस अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक अरविंद शाह ने 12 जनवरी से 31 जनवरी तक पखवाड़े के रूप में संचालित ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना एवं पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसी क्रम में विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर ग्राम उत्सवों का आयोजन किया जा रहा है।

Exit mobile version