katni temperature मार्च में ही अप्रैल–मई जैसी गर्मी कटनी में तापमान 34 डिग्री के पार
कटनी। katni temperature मार्च के महीने में ही अप्रैल–मई जैसी भीषण गर्मी का अहसास लोगों को परेशान करने लगा है। सुबह से ही तेज धूप और सूर्य के उग्र तेवर लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। हालात यह हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर निकलना लोगों के लिए कठिन हो रहा है।
बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान लगभग 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम के जानकारों के अनुसार आने वाले तीन दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है तथा यह 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी फिलहाल 19 डिग्री के आसपास है, जो अगले तीन दिनों में बढ़कर करीब 21 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने के संकेत मिल रहे हैं।
असमय बढ़ी गर्मी का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है। कई घरों में पंखों के साथ-साथ एसी और कूलर भी चलने लगे हैं। दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आता है, जबकि फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले लोग धूप से बचने के लिए अलग-अलग जुगाड़ करते दिखाई देते हैं।
इधर बाजारों में ठंडी पेय पदार्थों और अन्य ठंडी वस्तुओं की बिक्री में भी अचानक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जब मार्च में ही इतनी गर्मी महसूस हो रही है, तो आने वाले अप्रैल, मई और जून के महीनों में स्थिति और अधिक कठिन हो सकती है। कई लोगों ने आशंका जताई है कि इस वर्ष गर्मी अपने पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है।